हिमाचल प्रदेश के मंडी में नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन द्वारा वार्डवार मतदान केंद्रों को निर्धारित कर अधिसूचित कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार नगर निगम क्षेत्र के 15 वार्डों में कुल 38 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो और मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
🗳️ प्रमुख वार्डों में मतदान केंद्र
खलियार वार्ड में केंद्रीय विद्यालय मंडी (प्राइमरी विंग व लैब), राजकीय प्राथमिक पाठशाला बिजन दलवाहन और छिपणु को मतदान केंद्र बनाया गया है। पुरानी मंडी वार्ड में राजकीय मिडल स्कूल पुरानी मंडी (लेफ्ट व राइट पार्ट) को मतदान केंद्र निर्धारित किया गया है। पड्डल वार्ड में बीडीओ कार्यालय भ्यूली और आईटीआई मंडी, जबकि नेला वार्ड में राजकीय मिडल स्कूल बिंद्रावणी, प्राथमिक पाठशाला चड्याना और जरली को मतदान केंद्र बनाया गया है। मंगवाईं वार्ड में सहायक पंजीयक और उप-पंजीयक सहकारी समितियों के कार्यालयों को मतदान केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है। सन्यारड़ वार्ड में उद्योग विभाग कार्यालय और पर्यटन कार्यालय चड्यारा, जबकि तलयाहड़ वार्ड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तलयाहड़ और चीफ इंजीनियर कार्यालय एचपीपीडब्ल्यूडी मंडी को मतदान केंद्र बनाया गया है।
🏫 अन्य वार्डों की व्यवस्था
पैलेस कॉलोनी-1 और 2 वार्डों में एचपीपीडब्ल्यूडी कार्यालय, सैनिक बोर्ड कार्यालय और प्राथमिक पाठशाला बाड़ी को शामिल किया गया है। सुहड़ा वार्ड में राजकीय विजय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी, समखेत्तर वार्ड में कन्या पाठशाला मंडी तथा भगवाहन वार्ड में प्राथमिक पाठशाला (बाल) और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को मतदान केंद्र बनाया गया है। थनेहड़ा वार्ड में डीआईईटी मंडी, बेहना वार्ड में प्राथमिक पाठशाला बेहना और दौंधी वार्ड में प्राथमिक पाठशाला बगला को मतदान केंद्र के रूप में अधिसूचित किया गया है।
📌 प्रशासन की अपील
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी स्तरों पर समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है।