हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान को तेज करने के लिए प्रशासन ने मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिले के सभी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों के डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा स्कूलों के शिक्षकों को निर्देशित किया है कि वे 14-15 वर्ष आयु वर्ग की सभी लड़कियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें।
मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान गंधर्वा राठौड़ ने एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में इस आयु वर्ग की कुल 2967 लड़कियों का पंजीकरण किया गया है। इनमें से अब तक 1083 लड़कियों को टीका लगाया जा चुका है, जो कुल का लगभग 36 प्रतिशत है।
उन्होंने कहा कि जिला हमीरपुर की रैंकिंग इस अभियान में अच्छी है, लेकिन अभी भी लगभग 64 प्रतिशत लड़कियों को टीकाकरण किया जाना बाकी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से अपील की कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा करें।
उपायुक्त ने विशेष रूप से शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि वे छात्राओं और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यदि सभी मिलकर प्रयास करें, तो हमीरपुर जिले में इस अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मेडिकल अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसी कड़ी में पीएचसी नाल्टी की प्रभारी डॉ. पूजा कौंडल को 100 प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य हासिल करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उपायुक्त ने बताया कि पहले यह टीकाकरण केवल छुट्टी के दिनों में किया जा रहा था, लेकिन अब यह सुविधा सप्ताह के किसी भी दिन उपलब्ध करवाई गई है। 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियां अपने नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में जाकर किसी भी दिन टीका लगवा सकती हैं।
उन्होंने एचपीवी टीकाकरण के महत्व को समझाते हुए कहा कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और यह एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है। एचपीवी वैक्सीन इस बीमारी से बचाव का प्रभावी उपाय है और इसे समय पर लगवाना बेहद जरूरी है।
बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने अभियान की प्रगति पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले में टीकाकरण को लेकर लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल हमीरपुर के एमएस डॉ. देशराज शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक डॉ. मोही राम चौहान, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का मानना है कि एचपीवी टीकाकरण अभियान न केवल बालिकाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा, बल्कि भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अभियान की सफलता के लिए सामूहिक प्रयास और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।