मंडी नगर निगम चुनाव में 11 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए

rakesh nandan

06/05/2026

Mandi Municipal Corporation के पार्षद चुनावों के लिए नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। नाम वापसी के अंतिम दिन कुल 11 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए, जिसके बाद अब नगर निगम के 15 वार्डों में कुल 42 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।

चुनाव प्रक्रिया के तहत सभी निर्दलीय उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से नामांकन वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-1 खलियार से गौरव, टेक चंद और विवेक ने अपने नाम वापस लिए। वहीं वार्ड नंबर-7 तल्याड़ से सुदेश और अभिनव ने चुनाव न लड़ने का निर्णय लिया। वार्ड नंबर-11 समखेतर से वरूण और वार्ड नंबर-12 से योगेश कुमार ने भी अपने नामांकन वापस ले लिए।

इसी प्रकार वार्ड नंबर-14 बैहना से कृष्ण भानु, गुरवचन सिंह, धन देव और मनसा राम ने अपने नाम वापस लिए। नाम वापसी के बाद अब विभिन्न वार्डों में चुनावी मुकाबला और अधिक स्पष्ट हो गया है।

वार्ड नंबर-1 से 13 तक की सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम Rupinder Kaur ने बताया कि इन 13 वार्डों से कुल 7 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस लिए हैं। अब इन वार्डों में 39 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ रहे सभी निर्दलीय उम्मीदवारों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित किया जा रहा है।

वहीं वार्ड नंबर-14 और 15 की सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बल्ह Smritika Negi ने जानकारी दी कि वार्ड नंबर-14 बैहना से चार उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए हैं, जबकि वार्ड नंबर-15 दौंहदी से किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया।

नगर निगम मंडी चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नाम वापसी के बाद अब उम्मीदवार अपने-अपने वार्डों में प्रचार अभियान को गति देने में जुट गए हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच मुकाबला रोचक माना जा रहा है।

प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।