बिलासपुर में 8 मई को विश्व रेड क्रॉस दिवस समारोह

rakesh nandan

06/05/2026

Indian Red Cross Society की जिला शाखा बिलासपुर द्वारा 8 मई को विश्व रेड क्रॉस दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर बचत भवन बिलासपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त एवं रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा बिलासपुर के उपाध्यक्ष Om Kant Thakur ने की।

बैठक में विश्व रेड क्रॉस दिवस समारोह की रूपरेखा और विभिन्न गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। यह कार्यक्रम बहुउद्देश्यीय सांस्कृतिक परिसर बिलासपुर में आयोजित होगा। समारोह में रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा बिलासपुर के अध्यक्ष एवं उपायुक्त Rahul Kumar मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मानवता की सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करना और समाज के विभिन्न वर्गों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर कई जनहित और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि समारोह के दौरान रक्तदान शिविर, बेबी शो, स्वास्थ्य जांच शिविर, गैर सरकारी संगठनों की सहभागिता, नशामुक्त बिलासपुर अभियान तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य, समाज सेवा और जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए जाएंगे।

इस वर्ष विश्व रेड क्रॉस दिवस का आयोजन “यूनाइटेड इन ह्यूमैनिटी” यानी “मानवता में एकता” थीम पर आधारित रहेगा। यह थीम समाज में सहयोग, सेवा भावना और एकजुटता का संदेश देने पर केंद्रित है।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रम की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों और संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से ही इस आयोजन को सफल बनाया जा सकता है।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा से जुड़े सभी आजीवन सदस्यों की भागीदारी समारोह में सुनिश्चित की जाए। साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों को भी इस आयोजन से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया ताकि सेवा और मानवता के मूल्यों को व्यापक स्तर पर मजबूत किया जा सके।

ओम कांत ठाकुर ने विश्वास जताया कि प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों के सहयोग से विश्व रेड क्रॉस दिवस का आयोजन सफल रहेगा और समाज में परस्पर सहयोग तथा मानव सेवा की भावना को और अधिक मजबूती मिलेगी।

बैठक का संचालन रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव Amit Kumar ने किया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।