ऊना निकाय चुनाव में 118 उम्मीदवार मैदान में

rakesh nandan

06/05/2026

State Election Commission Himachal Pradesh के तहत होने वाले शहरी स्थानीय निकाय चुनाव-2026 को लेकर जिला ऊना में नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। नाम वापसी के अंतिम दिन 18 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए, जिसके बाद अब जिले के छह शहरी निकायों में कुल 118 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।

निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त Jatin Lal ने बताया कि नगर पंचायत गगरेट, अंब, टाहलीवाल, दौलतपुर चौक तथा नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा और संतोषगढ़ में 17 मई 2026 को मतदान होगा। चुनाव परिणामों की मतगणना 31 मई को की जाएगी।

उन्होंने जानकारी दी कि इन सभी शहरी निकायों में कुल 28,281 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 14,197 पुरुष और 14,094 महिला मतदाता शामिल हैं। चुनावों में 283 युवा मतदाता पहली बार मतदान करेंगे, जबकि एक थर्ड जेंडर मतदाता भी चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी निभाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि चुनावों के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 48 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन के पास कुल 108 ईवीएम उपलब्ध हैं। इनमें 60 नई ईवीएम मशीनें और पहले से उपलब्ध 48 मशीनें शामिल हैं। निर्धारित संख्या में मशीनों का उपयोग मतदान केंद्रों पर किया जाएगा, जबकि अतिरिक्त मशीनों को रिजर्व के रूप में रखा जाएगा।

नाम वापसी प्रक्रिया के दौरान नगर पंचायत मैहतपुर-बसदेहड़ा से सबसे अधिक 7 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए। इनमें वार्ड नंबर-8 से हरदीप सिंह, राकेश कुमार और बलराम कुमार, वार्ड नंबर-2 से कमलेश, वार्ड नंबर-5 से बलविंद्र सिंह और मक्खन सिंह तथा वार्ड नंबर-6 से अंजना कुमारी शामिल हैं।

नगर परिषद संतोषगढ़ के वार्ड नंबर-4 से प्रवीन प्रभाकर ने नामांकन वापस लिया। वहीं नगर पंचायत अंब के वार्ड नंबर-2 से नीलम देवी ने चुनाव मैदान से हटने का निर्णय लिया।

नगर पंचायत टाहलीवाल में वार्ड नंबर-1 से सुषमा कुमारी, वार्ड नंबर-3 से सुनीता कुमारी और वार्ड नंबर-5 से रजनी देवी ने अपने नाम वापस लिए। नगर पंचायत गगरेट में भी तीन प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया, जिनमें वार्ड नंबर-5 से कांता देवी तथा वार्ड नंबर-1 से सज्जन शर्मा और कुसुम लता शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त नगर पंचायत दौलतपुर चौक में वार्ड नंबर-6 से अनामिका और वार्ड नंबर-3 से सुषमा रानी ने अपने नामांकन वापस लिए।

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए उपायुक्त कार्यालय परिसर में विशेष मॉनिटरिंग कक्ष भी स्थापित किया गया है।