किन्नौर मे पंचायत चुनावों की तैयारियां पूरी

rakesh nandan

08/05/2026

किन्नौर जिले में आगामी पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1,316 नए मतदाताओं का पंजीकरण किया गया है। इनमें 696 पुरुष तथा 620 महिला मतदाता शामिल हैं। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना है।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल 420 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें विकास खंड कल्पा में 140, निचार में 141 तथा पूह विकास खंड में 139 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि चुनावों के दौरान सुरक्षा और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिले में कुल 17 मतदान केंद्रों को संवेदनशील तथा 11 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है।

कल्पा विकास खंड में 7 संवेदनशील मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राजकीय प्राथमिक पाठशाला ब्रेलिंगी वार्ड नंबर-1, 2 और 3, पंचायत घर पूर्बनी वार्ड नंबर-1, 2 और 3 तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सापनी वार्ड नंबर-2 शामिल हैं। इसके अलावा राजकीय प्राथमिक पाठशाला सुदारंग वार्ड नंबर-1, 2 और 3 को अति संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किया गया है।

निचार विकास खंड में 10 संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। इनमें राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला चगांव-2 वार्ड नंबर-1, 2, 3, 4 और 5 तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला काफनू वार्ड नंबर-1, 2, 3, 4 और 5 शामिल हैं। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निचार वार्ड नंबर-1, 2, 5, 6 और 7 को अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की श्रेणी में रखा गया है।

पूह विकास खंड में पंचायत घर रिब्बा खास वार्ड नंबर-3, 4 और 5 को अति संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किया गया है।

जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 59,156 है। इनमें 29,583 पुरुष और 29,573 महिला मतदाता शामिल हैं। विकास खंडवार आंकड़ों के अनुसार कल्पा में 22,047, निचार में 19,408 तथा पूह में 17,701 मतदाता पंजीकृत हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए मतदान दलों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। कल्पा विकास खंड में 260, निचार में 274 तथा पूह में 276 पोलिंग पार्टियां नियुक्त की गई हैं। इसके अलावा प्रत्येक विकास खंड में 20-20 रिजर्व पोलिंग पार्टियां भी तैनात की गई हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत व्यवस्था की जा सके।

जिला प्रशासन द्वारा चुनाव कार्यों के संचालन के लिए 12 रिटर्निंग अधिकारी, 80 सहायक रिटर्निंग अधिकारी तथा 27 सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि पंचायत चुनाव पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हों। इसके लिए सुरक्षा, मतदान व्यवस्था, कर्मचारियों की तैनाती और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी सहित सभी आवश्यक प्रबंध पहले ही पूरे कर लिए गए हैं।