हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने अंग्रेजी विषय के शिक्षकों के 312 पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा 3 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी। आयोग ने परीक्षा परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया है, जहां अभ्यर्थी अपना परिणाम देख सकते हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 489 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए चयनित किया गया है। इन अभ्यर्थियों की दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया 8 जून 2026 को सुबह 10 बजे से आयोग परिसर में शुरू होगी। उन्होंने बताया कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का विस्तृत शेड्यूल अलग से आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
सचिव ने कहा कि चयनित उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर भी सूचना भेजी जाएगी। अभ्यर्थियों को अलग से कॉल लेटर या बुलावा पत्र जारी नहीं किए जाएंगे। इसलिए उम्मीदवारों को नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट और अपने ईमेल की जांच करते रहने की सलाह दी गई है।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान उम्मीदवारों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक दस्तावेज की सेल्फ अटेस्टेड फोटो कॉपी के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई कॉपी तथा वैध पहचान पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी प्रभावित हो सकती है।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि जो उम्मीदवार निर्धारित तिथि और समय पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होंगे, उन्हें दोबारा अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। ऐसे अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी स्वतः निरस्त मानी जाएगी। इसलिए सभी उम्मीदवार समय पर उपस्थित होकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें।
गौरतलब है कि अंग्रेजी शिक्षकों के 312 पदों के लिए यह भर्ती प्रक्रिया फिक्स मानदेय के आधार पर की जा रही है। प्रदेश भर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया था। अब चयनित उम्मीदवारों की निगाहें आगामी दस्तावेज सत्यापन और अंतिम चयन सूची पर टिकी हुई हैं।