Vandana Yogi ने शिमला में कांग्रेस नेत्री Alka Lamba द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी पर महिला आरक्षण, परिसीमन और जनगणना जैसे गंभीर मुद्दों पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर एक झूठा नैरेटिव तैयार कर रही है, जिसका वास्तविक स्थिति से कोई संबंध नहीं है।
वंदना योगी ने कहा कि कांग्रेस यह गलत संदेश फैलाने का प्रयास कर रही है कि प्रस्तावित संविधान संशोधन और परिसीमन के बाद दक्षिण भारत की लोकसभा में भागीदारी घट जाएगी। उन्होंने इसे पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन दावा बताते हुए कहा कि दक्षिण भारत की राजनीतिक शक्ति कम नहीं बल्कि और मजबूत होने जा रही है।
उन्होंने विभिन्न राज्यों के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्नाटक की लोकसभा सीटें 28 से बढ़कर 42 होंगी, जबकि आंध्र प्रदेश की सीटें 25 से बढ़कर 38 तक पहुंचेंगी। इसी प्रकार तेलंगाना की सीटें 17 से बढ़कर 26, तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर लगभग 59 तथा केरल की सीटें 20 से बढ़कर 30 तक होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि दक्षिण भारत का कुल प्रतिनिधित्व घटने के बजाय लगभग 24 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा।
भाजपा प्रदेश सचिव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह जनता के बीच भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की न तो स्पष्ट नीति बची है और न ही जनहित के प्रति गंभीर नीयत दिखाई देती है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर वंदना योगी ने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक अवसर आया, तब कांग्रेस ने उसका विरोध किया था, जबकि आज वही पार्टी महिला अधिकारों की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि Bharatiya Janata Party संगठनात्मक स्तर पर भी महिलाओं को 33 प्रतिशत से अधिक भागीदारी देने का कार्य कर रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को केंद्र सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
जाति जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए वंदना योगी ने कहा कि केंद्र सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि आगामी जनगणना में जाति जनगणना को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना एक वैज्ञानिक और चरणबद्ध प्रक्रिया है, जिसमें पहले मकानों की गणना और उसके बाद व्यक्तियों की गणना की जाती है। ऐसे में कांग्रेस का भ्रम फैलाना केवल राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है।
डिलिमिटेशन कमीशन को लेकर उठाए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि डिलिमिटेशन कमीशन एक्ट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यही कानूनी व्यवस्था पहले कांग्रेस सरकारों के दौरान भी लागू रही है और अब उसी प्रक्रिया पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।
वंदना योगी ने यह भी स्पष्ट किया कि परिसीमन प्रक्रिया तत्काल लागू नहीं होगी। उन्होंने कहा कि डिलिमिटेशन रिपोर्ट संसद की मंजूरी और राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद ही प्रभावी होगी तथा इसका असर 2029 से पहले होने वाले चुनावों पर नहीं पड़ेगा।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पूरा एजेंडा केवल जनता को गुमराह करने और भ्रम फैलाने का है, लेकिन अब देश की जनता जागरूक हो चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि महिला सशक्तिकरण, निष्पक्ष प्रतिनिधित्व और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए भाजपा के प्रयासों को जनता का पूरा समर्थन मिलेगा।