ऊना जिला में पंचायती राज संस्थानों के सामान्य चुनाव-2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन गुरुवार को जिला परिषद सदस्य पद के लिए विभिन्न वार्डों से कुल 10 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। जिला प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त जतिन लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला ऊना में जिला परिषद के कुल 17 वार्ड हैं। उन्होंने बताया कि पहले दिन सबसे अधिक 4 नामांकन उपमंडल गगरेट के अंतर्गत दाखिल किए गए।
उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर-15 अम्बोटा से अश्वनी कुमार तथा सुरिन्द्र सिंह कंवर ने नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं वार्ड नंबर-17 भंजाल लोअर से दलविन्द्र सिंह और शाम लाल ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए।
उपमंडल अंब के अंतर्गत वार्ड नंबर-3 ठठल से अर्जुन सिंह ने नामांकन दाखिल किया। जबकि उपमंडल हरोली के वार्ड नंबर-8 बढेड़ा से दिलबाग सिंह तथा वार्ड नंबर-1 कुंगड़त से हेमलता ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
इसी प्रकार उपमंडल ऊना के अंतर्गत वार्ड नंबर-7 टक्का से शोभित गौतम और सतीश कुमार विट्टा ने नामांकन दाखिल किए। वहीं उपमंडल बंगाणा के वार्ड नंबर-5 लठियाणी से सत्या देवी ने भी अपना नामांकन पत्र जमा करवाया।
जतिन लाल ने बताया कि 8 और 11 मई को भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से की जाएगी। इसके बाद 14 और 15 मई को उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आबंटित किए जाएंगे और अंतिम सूची जारी की जाएगी।
जिले में पंचायती राज चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न क्षेत्रों में उम्मीदवारों ने जनसंपर्क अभियान और चुनावी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों से चुनाव आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।