बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन जिला परिषद के विभिन्न वार्डों के लिए कुल 17 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए। जिला प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला परिषद के विभिन्न वार्डों में उम्मीदवारों ने उत्साहपूर्वक नामांकन दाखिल किए। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 2 गाहर से 2 उम्मीदवारों, वार्ड नंबर 4 ननावां से 1, वार्ड नंबर 5 बड़गांव से 3, वार्ड नंबर 7 जेजवीं से 1, वार्ड नंबर 8 जांगला से 1, वार्ड नंबर 9 बामटा से 1, वार्ड नंबर 10 बरमाणा से 5, वार्ड नंबर 11 नम्होल से 1, वार्ड नंबर 12 जुखाला से 1 तथा वार्ड नंबर 13 स्वाहण से 1 उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
उन्होंने बताया कि पंचायत समितियों के लिए भी विभिन्न उम्मीदवारों ने नामांकन प्रक्रिया में भाग लिया है। घुमारवीं पंचायत समिति के लिए 48 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए हैं, जबकि झंडूता पंचायत समिति के लिए 34, श्रीनैना देवी जी पंचायत समिति के लिए 11 और पंचायत समिति सदर के लिए 23 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 8 और 11 मई को भी संबंधित कार्यालयों में प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद 12 मई 2026 को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 14 और 15 मई को अपराह्न 3 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे।
निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार संबंधित ग्राम पंचायतों के साथ 26, 28 और 30 मई को मतदान करवाया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 31 मई को सुबह 9 बजे से मतगणना आरंभ की जाएगी। जिला प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का दावा किया है।
पंचायती राज चुनावों को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। उम्मीदवारों द्वारा चुनाव प्रचार और जनसंपर्क अभियान की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों और समर्थकों से चुनाव आचार संहिता का पालन करने की अपील की है।