पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के तहत जिला ऊना में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए हुए चुनावों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि जिले के सभी 109 पंचायत समिति वार्डों की मतगणना प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है और सभी वार्डों के आधिकारिक परिणाम जारी कर दिए गए हैं।
रविवार देर सायं तक जिले के पांचों विकास खंडों हरोली, बंगाणा, गगरेट, ऊना और अंब में मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इसके बाद संबंधित निर्वाचन अधिकारियों ने विजयी उम्मीदवारों की घोषणा की।
जिला ऊना में कुल 109 पंचायत समिति वार्डों के लिए मतदान कराया गया था। इनमें हरोली विकास खंड के 24, बंगाणा के 19, गगरेट के 20, ऊना के 24 तथा अंब ब्लॉक के 22 पंचायत समिति वार्ड शामिल हैं। सभी वार्डों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और स्थानीय स्वशासन की प्रक्रिया को मजबूत बनाया।
हरोली विकास खंड के 24 पंचायत समिति वार्डों में लोअर पंजावर से मुक्ता देवी, पंजावर से मनीष, खड्ड से राकेश कुमार, पंडोगा से नेहा देवी, ईसपुर से सुदेश कुमारी, भदसाली से रमेश चंद, सलोह से मधू वाला, घालूवाल से तृप्ता देवी, बढ़ेड़ा से रमा रानी, धर्मपुर से नरदेव सिंह, बालीवाल से लखविंद्र सिंह तथा हरोली से गोल्डी विजयी घोषित किए गए। इसके अलावा पालकवाह, ललड़ी, नंगल खुर्द, बाथू, बाथड़ी, बीटन, गोंदपुर जयचंद, गोंदपुर बुल्लां, दुलैहड़, कुंगड़त, पोलियां बीत और पुबोवाल वार्डों के विजेताओं की भी घोषणा कर दी गई।
बंगाणा विकास खंड के 19 पंचायत समिति वार्डों में टकोली से विकास, सहोरी से अंजू देवी, चौकी खास से सुमन देवी, जोल से विवेक कुमार, बौल से ममता देवी, बल्ह से जगदीश राम तथा टांडा से चनदीप चन्न निर्वाचित हुए। इसके अलावा थहड़ा, रायपुर, धनेत, खरयालता, अरलू खास, पिपलू, चमियाड़ी, हटली केसरू, धतोल, धुंदला, लठियाणी और ढियुंगली वार्डों के विजेता भी घोषित कर दिए गए हैं।
गगरेट विकास खंड के 20 पंचायत समिति वार्डों में मरवाड़ी से ऊषा कुमारी, पिरथीपुर से ब्रजेश कुमार, सलोह बैरी से मधू शर्मा, डंगोह खास से सुदेश कुमार, रायपुर से सुनीता देवी तथा भद्रकाली से प्रवीण कुमार विजयी रहे। इसके अलावा भंजाल अप्पर, भंजाल लोअर, नकड़ोह, गोंदपुर बनेहड़ा लोअर, चलेट, नंगल जरियालां, दियोली, संघनेई, अम्बोटा, गगरेट अप्पर, बड़ोह, टटेहड़ा, कुठेड़ा जसवाला और जाडला कोयड़ी वार्डों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं।
ऊना विकास खंड के 24 पंचायत समिति वार्डों में पनोह से सुशील कुमार, धमांदरी से पूनम रानी, नारी से अरुण कुमार, नंगल सलांगड़ी से बलविंद्र सिंह, बसाल लोअर से मोहिंद्र पाल और टक्का से रजनी देवी विजयी रहीं। इसके अतिरिक्त बसोली, डंगोली, समूर कलां, चताड़ा, बहडाला लोअर, झुड़ोवाल, देहलां अप्पर, देहलां लोअर, बनगढ़, भटोली, रायपुर सहोड़ा, चड़तगढ़, नंगड़ां, जनकौर, सासन, अजौली, माजरा और सनोली वार्डों के विजेताओं की घोषणा भी कर दी गई है।
अंब विकास खंड के 22 पंचायत समिति वार्डों में गिंडपुर मलौन से संदीप कुमार, भटेड़ से राजेश कुमार, नारी चिंतपूर्णी से शिखा, डूहल भटवाला से मधू वाला, लोहारा अप्पर से अनुप कुमारी और मुबारिकपुर से पूजा देवी विजयी रहीं। इसके अलावा कलरूही, लोहारा लोअर, चौआर, मैड़ी खास, त्याई, जुबेहड़, नेहरी नौरंगा, कुठेड़ा खैरला, कटोहड़ कलां, अंदौरा लोअर, बेहड़ जसवां, ठठल, टकारला, दियाड़ा, हम्बोली और धुसाड़ा वार्डों के नतीजे भी घोषित कर दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा, पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया गया। मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव ग्रामीण विकास और स्थानीय प्रशासन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाते हैं। निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य अब अपने-अपने क्षेत्रों में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने और जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।