ऊना में पंचायत चुनावों की तैयारियां पूरी

rakesh nandan

21/05/2026

ऊना में पंचायत चुनावों की तैयारियां पूरी, 4,049 प्रत्याशी मैदान में

पंचायती राज संस्थानों के सामान्य निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ऊना ने सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने वीरवार को डीआरडीए हॉल ऊना में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं उपमंडलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों, मतपक्ष लेखन कार्य, मतदान केंद्रों के शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन, पोलिंग पार्टियों के प्रशिक्षण, पोल ड्यूटी बैलेट पेपर जारी करने तथा मतगणना कर्मचारियों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसके अलावा सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को ग्राम पंचायत मतगणना प्रशिक्षण, सेक्टर अधिकारियों की तैनाती तथा पंचायत समिति एवं जिला परिषद मतगणना केंद्रों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त जतिन लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतपेटियों को सुरक्षित रूप से स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाने, एचआरटीसी बसों की उपलब्धता, पोलिंग पार्टियों के ठहरने एवं भोजन व्यवस्था तथा मतगणना केंद्रों में बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मतदान केंद्रों में मोबाइल फोन ले जाने पर रोक

उपायुक्त जतिन लाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी नागरिक को मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने यह भी कहा कि पोलिंग पार्टियां केवल एचआरटीसी बसों के माध्यम से ही मतपेटियों का परिवहन सुनिश्चित करेंगी और इस कार्य के लिए किसी भी निजी वाहन का उपयोग नहीं किया जाएगा।

चुनावी पूर्वाभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न

उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के उद्देश्य से अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दूसरे चरण का पूर्वाभ्यास भी सफलतापूर्वक करवाया जा चुका है। इससे चुनाव प्रक्रिया को अधिक सुचारू और पारदर्शी बनाने में सहायता मिलेगी।

जिला में 4,049 प्रत्याशी चुनाव मैदान में

जिला निर्वाचन अधिकारी जतिन लाल ने बताया कि जिला ऊना में कुल 4,049 प्रत्याशी विभिन्न पदों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 45 जिला परिषद सदस्य, 416 पंचायत समिति सदस्य, 849 प्रधान, 930 उपप्रधान तथा 1,809 वार्ड सदस्य शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि जिला में कुल 2,139 पंचायत पदाधिकारियों का निर्वाचन किया जाना था, जिनमें से 706 प्रतिनिधि निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। अब शेष 1,433 पदों के लिए मतदान करवाया जाएगा।

इसके अतिरिक्त जिला की 5 पंचायतें पूर्ण रूप से निर्विरोध चुनी गई हैं। इनमें पंडोगा लोअर, जाखेवाल, बीनेवाल, उदयपुर तथा बोहरू पंचायत शामिल हैं।

3,78,021 मतदाता करेंगे मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला ऊना में कुल 3,78,021 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,90,767 पुरुष, 1,87,252 महिला तथा 2 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला की 249 पंचायतों में कुल 396 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

वेबकास्टिंग और लाइव स्ट्रीमिंग से निगरानी

उपायुक्त ने बताया कि जिला में कुल 107 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 102 संवेदनशील तथा 5 अति संवेदनशील केंद्र शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतगणना केंद्रों पर वेबकास्टिंग एवं ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित बनाया जा सके।

तीन चरणों में होंगे पंचायत चुनाव

उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि जिला ऊना में पंचायत चुनाव 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड सदस्यों के परिणाम मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद उसी दिन संबंधित मतगणना केंद्रों में घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे।

पहचान पत्र लाना रहेगा अनिवार्य

मतदान सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक करवाया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि मतदाताओं को मतदान के दौरान वोटर आईडी कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। यदि किसी मतदाता के पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है तो निर्वाचन आयोग द्वारा स्वीकृत 17 वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज को प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। इनमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड, छात्र पहचान पत्र, पेंशन दस्तावेज, रेलवे या बस पास सहित अन्य दस्तावेज शामिल हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ, अतिरिक्त उपायुक्त महिंद्र पाल गुर्जर, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा तथा जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।