मंडी में पंचायत चुनाव मतगणना तैयारियों की समीक्षा

rakesh nandan

21/05/2026

मंडी में पंचायत चुनाव मतगणना तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की मतगणना प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई, जिसमें संबंधित निर्वाचन अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायत चुनावों की मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करना रहा।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना कार्य से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मतपेटियों को मतगणना केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने से लेकर अंतिम परिणाम घोषित करने तक प्रत्येक प्रक्रिया में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना केंद्रों के भीतर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। इनमें चुनाव ड्यूटी में तैनात सरकारी कर्मचारी, संबंधित उम्मीदवार, उनके काउंटिंग एजेंट तथा इलेक्शन एजेंट शामिल होंगे। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी के लिए परिचय पत्र और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

अपूर्व देवगन ने कहा कि सभी सीलबंद मतदान पेटियों के नंबर और सीलों का गहन निरीक्षण किया जाए तथा इस प्रक्रिया में संबंधित प्रत्याशियों और उनके मतगणना एजेंटों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक चरण को नियमानुसार पूरा किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में मतगणना टेबल लगाने के निर्देश भी दिए ताकि मतगणना कार्य तेजी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उपायुक्त ने कहा कि मतपत्रों की छंटाई, गिनती तथा पुनः मतदान की स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया भी निर्वाचन नियमों के अनुसार पूरी की जाए।

मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि पुनः मतगणना अथवा ड्रॉ ऑफ लॉट्स जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर उसकी भी समुचित वीडियो रिकॉर्डिंग की जाए ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

कानून व्यवस्था को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि मतगणना केंद्रों पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

उन्होंने अधिकारियों को मतगणना केंद्रों पर पेयजल, बिजली तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

बैठक में विभिन्न पंचायत समितियों के मतगणना केंद्रों की जानकारी भी साझा की गई। उपायुक्त ने बताया कि पंचायत समिति सदर मंडी की मतगणना खंड विकास अधिकारी सदर मंडी कार्यालय में होगी। बल्ह की मतगणना उपमंडलाधिकारी (ना.) बल्ह कार्यालय में, गोहर की मतगणना राजकीय महाविद्यालय बासा में तथा गोपालपुर की मतगणना राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट (पीटीए ब्लॉक) में आयोजित की जाएगी।

इसी प्रकार चुराग पंचायत समिति की मतगणना ग्राम पंचायत खील के सामुदायिक भवन में, सुंदरनगर की किसान प्रशिक्षण केंद्र जवाहर पार्क सुंदरनगर में तथा धनोटू की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महादेव में की जाएगी।

उपायुक्त ने बताया कि सराज पंचायत समिति की मतगणना राजकीय महाविद्यालय सराज (लंबाथाच), बालीचौकी की मतगणना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालीचौकी, चौंतड़ा की मतगणना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौंतड़ा तथा द्रंग की मतगणना ग्राम पंचायत डलाह के सामुदायिक भवन में होगी।

इसके अलावा धर्मपुर की मतगणना राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर, निहरी की मतगणना राजकीय महाविद्यालय निहरी तथा करसोग पंचायत समिति की मतगणना राजकीय महाविद्यालय करसोग में आयोजित की जाएगी।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, उपमंडलाधिकारी (ना.) सदर रुपिंदर कौर, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य उपमंडलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।