सिरमौर जिले में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 28 और 29 मार्च 2026 को विशेष जांच अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार योजनाबद्ध तरीके से पूरे जिले में संचालित किया गया। इस दौरान कुल 53 वाहनों के चालान किए गए। इनमें से 48 वाहन खनन अधिनियम के तहत और 5 वाहन मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जद में आए। ये सभी वाहन विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में से 21 चालानों का मौके पर निपटारा करते हुए ₹99,500 जुर्माना वसूला गया, जबकि 32 वाहनों को जब्त (impound/detain) कर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अदालत में भेज दिया गया है।
⚠️ पर्यावरण के लिए खतरा
पुलिस ने बताया कि अवैध खनन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह पर्यावरण सुरक्षा और भूमि कटाव के लिए गंभीर खतरा भी है। देश में पूर्व में आई कई प्राकृतिक आपदाओं के पीछे भी इस तरह की गतिविधियों को एक बड़ा कारण माना गया है।
📢 पुलिस की अपील
सिरमौर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे खनन नियमों का पालन करें और यदि कहीं भी अवैध खनन होता दिखे तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।