जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है। थाना शिलाई की टीम ने रोनहाट हेलीपैड के समीप सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट कार (एचपी34सी-5900) की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की।
पुलिस के अनुसार कार से 5 पेटी देशी शराब ‘नाटी नंबर-1’ की कुल 60 बोतलें, 4 पेटी ‘मीकिन्स 10000’ बीयर की 48 बोतलें तथा 4 पेटी ‘ट्यूबोर्ग प्रीमियम बीयर’ की 48 बोतलें बरामद हुईं। मामले में राकेश निवासी गांव रिणोई, डाकघर लोजा मानल, तहसील शिलाई के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सड़क हादसे में महिला की मौत
उधर, शिलाई थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार बोलेरो कैंपर (एचपी62-3397) टिम्बी से कुराया की ओर जा रही थी। चढ़ाई वाले क्षेत्र में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क से करीब 10 से 15 मीटर नीचे ढलान में जा गिरा।
हादसे में वाहन सवार कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लीला देवी को सिविल अस्पताल शिलाई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन चालक की कथित लापरवाही और वाहन से नियंत्रण खोना पाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125 और 106 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।