“नाहन में बुद्ध जयंती पर मेधावियों का सम्मान समारोह”

rakesh nandan

01/05/2026

नाहन में बुद्ध जयंती पर कोली समाज का भव्य सम्मान समारोह, मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में महात्मा बुद्ध जयंती के अवसर पर कोली समाज द्वारा जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समाज की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उनकी उपलब्धियों को पहचान देना रहा।

कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति

प्रताप सामुदायिक भवन में आयोजित इस समारोह में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक सदस्य प्रो. बलबीर सिंह ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। वहीं UPSC परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके पुड़ला निवासी सुशांत चौहान विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सुशांत चौहान को समुदाय का नाम रोशन करने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थापक सदस्य राम स्वरूप चौहान ने की, जबकि मंच का संचालन जिला महासचिव जीत सिंह चौहान ने प्रभावशाली ढंग से किया।


महात्मा बुद्ध को दी गई श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की शुरुआत महिमा पुस्तकालय में स्थापित महात्मा बुद्ध की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात विभिन्न वक्ताओं ने महात्मा बुद्ध के जीवन, उनके सिद्धांतों और मानवता के लिए दिए गए संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान सुनील कुमार बौद्ध, सुरेंद्र सिंह धर्मा और प्रीतम सिंह चौहान ने अपने विचार साझा करते हुए समाज को एकता, शांति और शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।


यूपीएससी चयनित छात्र ने किया मार्गदर्शन

विशेष अतिथि सुशांत चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने अनुभव साझा किए और सफलता के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को आवश्यक बताया। उनके प्रेरणादायक विचारों ने उपस्थित छात्रों में नई ऊर्जा का संचार किया।


मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुमेंटो, प्रमाण पत्र और नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।

10वीं कक्षा के मेधावी छात्र:
सैनवाला स्कूल के आयुष, तृष्टि व सुदीप्ती चौहान तथा कौलावालाभूड़ स्कूल के दीपक चौहान व प्रिया को सम्मानित किया गया।

12वीं कक्षा के मेधावी छात्र:
बनकला स्कूल की अंजली, अनीसका, आयुषी तोमर, मुस्कान, पल्लवी, सोनम और तनिष्का के साथ-साथ सैनवाला स्कूल के अक्षय कुमार, पीयूष चौहान, अंतरा, स्नेहा पंवर तथा बड़ग क्षेत्र से करिश्मा व अखिल चौहान को सम्मानित किया गया।


चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी मिला सम्मान

कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ वर्ग:
रूपांजलि ने पहला स्थान, सुरला स्कूल की महक ने दूसरा और बनकला स्कूल की अंशिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

कनिष्ठ वर्ग:
कार्मल स्कूल नाहन के अध्रित भंडारी प्रथम, एसवीएन नाहन की सानवी द्वितीय और प्रिया तृतीय स्थान पर रही।

इसके अलावा अकुल, दीपक सिंह और चिराग को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।


नकद पुरस्कार और समाज का संदेश

प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों को 1000 रुपये, द्वितीय को 800 रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वालों को 600 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं सांत्वना पुरस्कार पाने वाले विद्यार्थियों को 200 रुपये की राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने शिक्षा को जीवन में सफलता की कुंजी बताते हुए युवाओं से निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया।


गणमान्य लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय पुंडीर, राकेश कश्यप, हिमेश चौहान, धनवीर सिंह परमार, अशोक तोमर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।