मंडी पंचायत चुनाव: पहले दिन 3820 नामांकन

rakesh nandan

08/05/2026

मंडी जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही पहले दिन उम्मीदवारों में भारी उत्साह देखने को मिला। जिला परिषद, पंचायत समिति, ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए कुल 4,768 पदों के मुकाबले पहले ही दिन 3,820 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।

यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अपूर्व देवगन ने दी। उन्होंने बताया कि जिला परिषद के 36 वार्ड सदस्य पदों के लिए पहले दिन कुल 54 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।

इसके अलावा जिले की 14 पंचायत समितियों के 267 सदस्य पदों के लिए कुल 235 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं ग्राम पंचायत प्रधान के 577 पदों के लिए 891 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। पंचायत उपप्रधान पदों के लिए 706 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है, जबकि ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 3,311 पदों के लिए सबसे अधिक 1,934 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि विभिन्न पंचायत समितियों में नामांकन प्रक्रिया को लेकर प्रत्याशियों में खासा उत्साह देखा गया। पंचायत समिति बल्ह के 23 सदस्य पदों के लिए 14 नामांकन पत्र दाखिल हुए। बालीचौकी पंचायत समिति के 19 पदों के लिए 6 उम्मीदवारों ने आवेदन किया।

इसी प्रकार चौंतड़ा पंचायत समिति के 20 पदों के लिए 20, चुराग के 15 पदों के लिए 6, धनोटू के 16 पदों के लिए 11 तथा धर्मपुर पंचायत समिति के 20 सदस्य पदों के लिए 30 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।

उन्होंने बताया कि द्रंग पंचायत समिति के 24 पदों के लिए 20, गोहर के 16 पदों के लिए 13 तथा गोपालपुर पंचायत समिति के 27 पदों के लिए 36 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे हैं। वहीं करसोग पंचायत समिति के 15 पदों के लिए 13, निहरी के 15 पदों के लिए 17, सदर मंडी पंचायत समिति के 26 पदों के लिए 28 तथा सुन्दरनगर पंचायत समिति के 16 पदों के लिए 17 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।

सराज पंचायत समिति में 15 सदस्य पदों के लिए 4 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए हैं।

उपायुक्त ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 8 और 11 मई को भी जारी रहेगी। उम्मीदवार सुबह 11 बजे से सायं 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से आरंभ होगी।

उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 14 और 15 मई को अपने नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। इसके बाद 15 मई को दोपहर 3 बजे के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतदान 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में करवाया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों में मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।

वहीं जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए डाले गए मतों की गणना 31 मई को सुबह 9 बजे से शुरू होगी। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।