Kavinder Gupta ने सुंदरनगर स्थित Himachal Dental College के वार्षिक दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने युवाओं से ज्ञान, कौशल और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि भारत को विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि युवा सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ कार्य करें तो देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
अपने संबोधन में उन्होंने हिमाचल डेंटल कॉलेज को प्रदेश का अग्रणी दंत चिकित्सा संस्थान बताते हुए शिक्षा, शोध, सामुदायिक सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उसके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि दंत स्वास्थ्य समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े युवाओं की नैतिक जिम्मेदारी है।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से अपने पेशे में उत्कृष्टता के साथ-साथ सेवा, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, डिजिटल नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से दंत चिकित्सा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
उन्होंने कॉलेज द्वारा ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में लगाए जा रहे निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविरों, नो-टोबैको जागरूकता अभियानों और सामुदायिक सेवा कार्यक्रमों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की पहचान केवल अकादमिक उपलब्धियों से नहीं बल्कि समाज के प्रति उसके योगदान से भी होती है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने शैक्षणिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। बीडीएस और एमडीएस पाठ्यक्रमों में विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
शैक्षणिक उपलब्धियों में बीडीएस प्रथम वर्ष की अधारिका गुप्ता ने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुहानी कश्यप ने तृतीय स्थान हासिल किया। बीडीएस द्वितीय वर्ष में निशिता गुप्ता कॉलेज में प्रथम और विश्वविद्यालय में तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा अक्षिता जोशी, वसुंधरा, अक्षत, प्रशांत, जागीशा और सारा पुरी सहित कई विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
एमडीएस पाठ्यक्रम में डॉ. नित्या सहगल, डॉ. नियति, डॉ. हरनूर और डॉ. अनन्या ने विभिन्न विषयों में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। वहीं एमडीएस अंतिम वर्ष में डॉ. भूमिका और डॉ. उर्वशी सोलंकी ने भी विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया।
खेल उपलब्धियों के लिए डॉ. सुशांत कौशल, अंजिका ठाकुर, वंशीता, आकाश परमार, देवांश और बैडमिंटन युगल विजेता डॉ. साहिल ठाकुर एवं अनुराग को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने इस अवसर पर कॉलेज की आधुनिक नई डेंटल वैन सेवा का शुभारंभ भी किया। यह वैन ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में दंत स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कॉलेज के प्रधानाचार्य Baljeet Singh ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि संस्थान वर्ष 1993 से सामुदायिक दंत चिकित्सा शिविरों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले वर्ष 46 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 6000 से अधिक लोगों की जांच और 800 से अधिक मरीजों का उपचार किया गया।
उन्होंने बताया कि संस्थान को वर्ष 2025 में Indian Dental Association द्वारा ‘कम्युनिटी सर्विस एंड आउटरीच’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा संस्थान को सामुदायिक और मानवतावादी सेवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर विधायक Rakesh Jamwal, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार, कॉलेज चेयरपर्सन संतोष गुप्ता, निदेशक डॉ. अनिल सिंगला और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।