भाजपा ने चुनावी हस्तक्षेप को लेकर राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

rakesh nandan

25/05/2026

भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में सोमवार को लोक भवन में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस सरकार पर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में हस्तक्षेप करने और चुनावी नियमों में बदलाव करने के आरोप लगाते हुए राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।

राज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपनी बात राज्यपाल के समक्ष रखने पहुंची है। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज और नगर निकाय चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद होते हैं और हिमाचल प्रदेश में ये चुनाव किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिन्ह पर नहीं लड़े जाते। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार चुनावी प्रक्रिया में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रही है।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद नियमों और अधिनियमों में संशोधन करना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि रिजर्वेशन एक्ट में संशोधन कर अधिकारियों को अतिरिक्त शक्तियां देना तथा चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव से जुड़े नियमों में बदलाव करना इस बात का संकेत है कि सरकार चुनाव प्रक्रिया को बैकडोर तरीके से नियंत्रित करना चाहती है।

उन्होंने कहा कि यह केवल नियमों में बदलाव का मामला नहीं बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, जनमत और जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का भी अपमान है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में अपनी राजनीतिक जमीन खो चुकी है और जनता में सरकार के खिलाफ भारी नाराजगी है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस की हार तय है और यही कारण है कि कई स्थानों पर पार्टी अपने उम्मीदवार तक घोषित नहीं कर पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि हार के डर से कांग्रेस सरकार चुनावी नियमों को अपने राजनीतिक हितों के अनुसार बदलने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक प्रक्रियाओं की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है और किसी भी स्थिति में लोकतंत्र को कमजोर नहीं होने देगी। भाजपा ने राज्यपाल से पूरे मामले में उचित संवैधानिक हस्तक्षेप करने की मांग की है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, संजय सूद, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, जिलाध्यक्ष केशव चौहान, प्रदेश सचिव संजय ठाकुर एवं कुसुम सदरेट, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर, वरिष्ठ प्रवक्ता गणेश दत्त, मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक कर्ण नंदा, किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव देष्टा, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष गुरमीत सिंह सहित कई वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार पंचायत और नगर निकाय चुनावों के दौरान प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। ऐसे में भाजपा द्वारा राज्यपाल से मुलाकात और ज्ञापन सौंपना प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।