बिलासपुर में कल मतदान, 86,676 मतदाता करेंगे वोट

rakesh nandan

29/05/2026

बिलासपुर में पंचायती राज चुनाव का तीसरा चरण कल, 86,676 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

बिलासपुर, 29 मई। जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे एवं अंतिम चरण के चुनाव के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 मई को जिले की 58 ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा, जिसमें कुल 86,676 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि कुल मतदाताओं में 43,448 पुरुष तथा 43,228 महिला मतदाता शामिल हैं। जिला प्रशासन द्वारा मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं।

उन्होंने बताया कि तीसरे चरण के चुनाव के लिए जिले भर में कुल 326 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 227 मतदान केंद्र सामान्य श्रेणी के हैं, जबकि 74 मतदान केंद्र संवेदनशील और 25 मतदान केंद्र अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। प्रशासन द्वारा सभी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान और मतगणना केंद्रों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती, मतदान कर्मियों की नियुक्ति तथा आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।

राहुल कुमार के अनुसार तीसरे चरण में सदर विकास खंड की 15 पंचायतों के 79 वार्ड, घुमारवीं विकास खंड की 21 पंचायतों के 123 वार्ड, झंडूता विकास खंड की 15 पंचायतों के 87 वार्ड तथा श्री नैना देवी जी विकास खंड की 7 पंचायतों के 37 वार्डों में मतदान होगा। इस प्रकार कुल 326 वार्डों में चुनाव प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।

उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव स्थानीय लोकतंत्र की नींव हैं और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

उपायुक्त ने मतदान दिवस पर निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मतदाता को अपने साथ निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एपिक कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट अथवा पैन कार्ड लेकर आना होगा।

उन्होंने मतदाताओं को सलाह दी कि मतदान केंद्र जाने से पहले मतदाता सूची में अपना नाम और क्रमांक संख्या अवश्य जांच लें। मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय के भीतर मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता अपने अधिकार का उपयोग कर सकते हैं।

गर्मी के मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने साथ पानी की बोतल, छाता अथवा अन्य आवश्यक वस्तुएं लेकर आएं ताकि तेज गर्मी से बचा जा सके। मतदान केंद्रों पर महिला, बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को प्राथमिकता देने तथा सहयोग करने की भी अपील की गई है।

राहुल कुमार ने कहा कि मतदान केंद्रों पर अनुशासन और शांति बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। मतदाताओं को अपनी बारी का धैर्यपूर्वक इंतजार करना चाहिए तथा मतदान की गोपनीयता बनाए रखनी चाहिए। बैलेट पेपर पर मतदान करते समय किसी भी व्यक्ति को अपने मतदान की जानकारी नहीं देनी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन या कैमरा ले जाना प्रतिबंधित है। इसके अतिरिक्त मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी राजनीतिक दल की प्रचार सामग्री, चुनाव चिन्ह, टोपी, गमछा या पर्चा ले जाना भी प्रतिबंधित रहेगा।

उपायुक्त ने मतदाताओं को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार के लालच या प्रलोभन में आकर मतदान न करें और किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर वोट डालने का प्रयास भी न करें। बैलेट पेपर की फोटो खींचना तथा मतदान की गोपनीयता भंग करना कानूनन दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि मतदाता बैलेट पेपर पर हस्ताक्षर या अपना नाम न लिखें और केवल निर्धारित चुनाव चिन्ह पर ही मुहर लगाएं।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों के चुनावों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर की जाएगी। वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों की मतगणना 31 मई को निर्धारित मतगणना केंद्रों पर संपन्न होगी।

जिला प्रशासन ने झंडूता, घुमारवीं, सदर तथा श्री नैना देवी जी विकास खंडों की कुल 58 ग्राम पंचायतों में मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार भी मतदाता उत्साहपूर्वक मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।