बंगाणा में MSME उद्यमियों के लिए डिजिटल मार्केटिंग कार्यशाला

rakesh nandan

04/06/2026

बंगाणा में MSME उद्यमियों के लिए डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग और जेम पोर्टल पर कार्यशाला आयोजित

बंगाणा। उद्योग विभाग द्वारा रेजिंग एंड एक्सलरेटिंग एमएसएमई परफॉरमेंस (RAMP) कार्यक्रम के अंतर्गत वीरवार को बंगाणा में एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ाना, डिजिटल परिवर्तन को प्रोत्साहित करना तथा सरकारी खरीद प्रक्रियाओं में उनकी भागीदारी को मजबूत बनाना था। कार्यक्रम में 70 से अधिक उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

कार्यशाला में मार्केटिंग एवं डिजिटल साक्षरता, ब्रांड निर्माण के लिए डिजिटल उपकरणों के उपयोग, जेम (Government e-Marketplace) तथा सेंट्रल पब्लिक प्रोक्योरमेंट (CPP) पोर्टल से संबंधित विषयों पर विस्तृत सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने सभी सत्रों में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने व्यवसाय को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं को समझा।

कार्यक्रम के दौरान बीडीओ बंगाणा के. एल. वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीकों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मार्केटिंग, डिजिटल साक्षरता और ब्रांड निर्माण के लिए डिजिटल उपकरणों का उपयोग उद्योगों के लिए अत्यंत आवश्यक हो गया है। इन आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उद्योग अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ा सकते हैं, उत्पादन में सुधार कर सकते हैं तथा कार्यकुशलता को बेहतर बना सकते हैं।

उन्होंने कहा कि कुटीर एवं लघु उद्योग यदि चरणबद्ध तरीके से डिजिटल साधनों को अपनाएं तो वे बड़े उद्योगों की तरह अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स उद्यमियों को स्थानीय बाजारों से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करते हैं।

के. एल. वर्मा ने आगे कहा कि जेम पोर्टल MSME इकाइयों, स्वयं सहायता समूहों तथा स्टार्टअप्स के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है। इसके माध्यम से उद्यमियों को सत्यापित सरकारी खरीदारों तक सीधी पहुंच प्राप्त होती है। साथ ही उन्हें पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी विभागों से व्यापारिक अवसर और ऑर्डर प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इससे छोटे उद्यमों के व्यवसाय विस्तार को नई दिशा और गति मिल सकती है।

कार्यशाला में मार्केटिंग एवं डिजिटल साक्षरता तथा ब्रांड निर्माण के लिए डिजिटल उपकरण विषय पर विस्तृत सत्र का संचालन प्रदीप कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को डिजिटल युग में प्रभावी विपणन रणनीतियों की आवश्यकता और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल विज्ञापन, वेबसाइट, ऑनलाइन उपस्थिति, ग्राहक जुड़ाव तथा कंटेंट मार्केटिंग जैसे माध्यम छोटे और मध्यम उद्योगों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलते हैं।

प्रदीप कुमार ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी बाजार में केवल गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी प्रभावी प्रस्तुति और डिजिटल दृश्यता भी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है। उन्होंने विभिन्न डिजिटल टूल्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से ब्रांड पहचान मजबूत करने के व्यावहारिक उपायों पर भी प्रकाश डाला।

उन्होंने उद्यमियों को यह भी बताया कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर उत्पादों और सेवाओं का प्रचार-प्रसार किस प्रकार किया जा सकता है। साथ ही ग्राहक आधार बढ़ाने, संभावित ग्राहकों तक पहुंच बनाने तथा व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने स्थानीय उद्यमियों से बदलती बाजार आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने और डिजिटल अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के एक अन्य महत्वपूर्ण सत्र में सर्वेश शर्मा ने जेम एवं सीपीपी पोर्टल से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने प्रतिभागियों को जेम पोर्टल पर विक्रेता पंजीकरण, कैटलॉग प्रबंधन, बोली प्रक्रिया, सरकारी खरीद नीतियों तथा विभिन्न सरकारी विभागों के साथ व्यापारिक अवसरों का लाभ उठाने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जेम पोर्टल पर सफलतापूर्वक कार्य करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक सुझाव भी दिए। इस सत्र को उद्यमियों द्वारा विशेष रूप से उपयोगी बताया गया क्योंकि इससे उन्हें सरकारी खरीद प्रणाली को समझने और अपने व्यवसाय को नए अवसरों से जोड़ने में सहायता मिलेगी।

कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों ने ऐसे कार्यक्रमों को उद्यमिता विकास और व्यवसाय विस्तार के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में अक्षय सिंह, मीनाक्षी ठाकुर, आयुष कौशल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।