बल्ह में महिला कर्मियों द्वारा संचालित होंगे मतदान केंद्र, पंचायत चुनाव में अभिनव पहल
महिला सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ब्लॉक बल्ह में पंचायत चुनाव–2026 के तहत एक अभिनव पहल की जा रही है। इस पहल के अंतर्गत पंचायत करनेहड़ा और पंचायत गलमा के सभी मतदान केंद्र पूर्णतः महिला मतदान कर्मियों द्वारा संचालित किए जाएंगे। प्रशासन की इस पहल को महिला नेतृत्व और सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्राधिकृत अधिकारी-सह-उपमंडलाधिकारी (ना.) बल्ह समृतिका नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण में 26 मई 2026 को पंचायत करनेहड़ा की पांच वार्डों तथा द्वितीय चरण में 28 मई 2026 को पंचायत गलमा की पांच वार्डों में सभी मतदान केंद्रों पर केवल महिला कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इन मतदान केंद्रों पर प्रीसाइडिंग अधिकारी, पोलिंग अधिकारी और अन्य सहयोगी स्टाफ के रूप में महिला कर्मी अपनी सेवाएं देंगी।
उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर महिला नेतृत्व को मजबूत बनाना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करना है। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की पहल महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में आगे आने के लिए प्रेरित करेगी और समाज में सकारात्मक संदेश भी जाएगा।
मतदाता जागरूकता और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से इन पंचायतों में विभिन्न थीम आधारित मॉडल बूथ और सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए जाएंगे। इनमें नशा मुक्त पंचायत बूथ, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सेल्फी बूथ, महिला शक्ति बूथ, पर्यावरण सुरक्षित पंचायत बूथ और स्वच्छ पंचायत बूथ प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि इन मॉडल बूथों का उद्देश्य केवल मतदान प्रक्रिया को आकर्षक बनाना नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को भी लोगों तक पहुंचाना है। बूथों को विशेष सजावट और जागरूकता सामग्री के माध्यम से तैयार किया जाएगा ताकि मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित किया जा सके।
महिला शक्ति बूथों पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मतदाताओं के लिए निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त महिला मतदाताओं एवं मतदान कर्मियों की सुविधा के लिए चयनित वार्डों में क्रेच और बाल देखभाल सुविधा स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। इससे छोटे बच्चों के साथ आने वाली महिला मतदाताओं को विशेष सुविधा मिल सकेगी।
एसडीएम बल्ह समृतिका नेगी ने बताया कि संबंधित भवनाध्यक्षों को मतदान केंद्रों पर स्वच्छता, पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, रैंप और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन की कोशिश है कि मतदान केंद्रों को मतदाता अनुकूल और सुविधाजनक बनाया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान प्रक्रिया में भाग लें।
इसके साथ ही संबंधित विद्यालयों से विद्यार्थियों द्वारा तैयार चार्ट, पेंटिंग, स्लोगन और जागरूकता सामग्री उपलब्ध करवाने का आग्रह भी किया गया है। इन सामग्रियों के माध्यम से मतदान केंद्रों को आकर्षक और जागरूकता आधारित स्वरूप दिया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि विद्यार्थियों की भागीदारी से मतदान जागरूकता अभियान को और मजबूती मिलेगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एसडीएम बल्ह ने बताया कि एसएचओ बल्ह को सभी चिन्हित मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न करवाना है।
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल महिला सशक्तिकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों को भी लोकतांत्रिक भागीदारी के साथ जोड़ा जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस प्रकार की पहल से मतदाताओं में सकारात्मक संदेश जाएगा और लोकतंत्र के प्रति लोगों की भागीदारी और अधिक मजबूत होगी।
बल्ह प्रशासन की यह पहल पंचायत चुनावों को अधिक समावेशी, जागरूकता आधारित और महिला नेतृत्व केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है।