विश्व साइकिल दिवस पर बिलासपुर में निकली साइकिल रैली

rakesh nandan

07/06/2026

विश्व साइकिल दिवस पर एसएआई बिलासपुर में साइकिल रैली, 120 प्रतिभागियों ने दिया फिटनेस का संदेश

बिलासपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के एसटीसी बिलासपुर में साइकिल रैली एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य फिट इंडिया अभियान को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना तथा लोगों को दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर के चिकित्सक डॉ. सक्षम कंवर उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को नियमित साइकिल चलाने के स्वास्थ्य लाभों तथा पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देती है बल्कि प्रदूषण कम करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

इस अवसर पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों सहित लगभग 120 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साइकिल रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वस्थ भारत और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों को विश्व साइकिल दिवस की स्मृति में विशेष टी-शर्ट प्रदान की गई। रैली के समापन के बाद प्रतिभागियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।

एसटीसी बिलासपुर के अधिकारियों, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

विश्व साइकिल दिवस के इस आयोजन ने फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करने का सकारात्मक संदेश दिया।