ऊना की 81 पंचायतों में कल मतदान, तैयारियां पूरी

rakesh nandan

29/05/2026

पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे एवं अंतिम चरण के चुनाव के तहत जिला ऊना की 81 ग्राम पंचायतों में 30 मई को मतदान करवाया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र और मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त Jatin Lal ने बताया कि जिले के सभी उपमंडलों में मतदान की प्रक्रिया शनिवार को संपन्न होगी। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

उपायुक्त ने बताया कि तीसरे चरण में विकास खंड अंब की 19, बंगाणा की 15, गगरेट की 13, ऊना की 18 तथा हरोली की 16 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इस प्रकार जिले की कुल 81 पंचायतों में मतदाता अपने पंचायत प्रतिनिधियों के चयन के लिए मतदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए 36 पंचायतों में लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से मतदान केंद्रों की गतिविधियों पर रियल टाइम निगरानी रखी जाएगी, जिससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके।

अंब उपमंडल के अंतर्गत ज्वाल, भटेड़, छपरोह, धर्मशाला महंता, मंधोली, सपौरी, हम्बोली, नंदपुर, सारड़ा, बदाऊं, सेरी, कोहाड़छन्न, ज्वार, शिवपुर, जबेहड़, अंदौरा अप्पर, दियाड़ा, कटौहड़ कलां और ठठल पंचायतों में मतदान होगा। वहीं बंगाणा विकास खंड की खरयालता, डीहर, चंगर, चुल्हड़ी, चमियाड़ी, चौली, छपरोह कलां, टकोली, थहड़ा, धनेत, पलाहटा, बल्ह, बल्ह खालसा, बुढवार और सिहाणा पंचायतों में भी मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी।

गगरेट उपमंडल की अम्लैहड़, अम्बोआ, मरबाड़ी, पिरथीपुर, सलोह बैरी, मवा सिंधियां, कुठेड़ा जसवालां, बड़ोह, कुनेरन, घनारी, भद्रकाली, चलेट और अम्बोटा पंचायतों में भी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

इसी प्रकार ऊना उपमंडल के अंतर्गत रायपुर सहोड़ा, चताड़ा, पनोह, अजोली, टब्बा, चड़तगढ़, लमलेहड़ी, बटूही, त्यूड़ी, चलोला, समूर कलां, झम्बर, छतरपुर, खानपुर, बीनेवाल, सासन, उदयपुर और नंगल सलांगड़ी पंचायतों में मतदान होगा।

हरोली उपमंडल की नगनोली, भैणी खड्ड, पंडोगा निचला, घालुवाल, लोअर बढ़ेड़ा, सैंसोवाल, रोड़ा, भदौड़ी, पालकवाह, चंदपुर, बट्ट कलां, बाथड़ी, भडियारां, छेत्रां, पोलियां बीत और जखेवाल पंचायतों में भी शनिवार को चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उपायुक्त जतिन लाल ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करे और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करे।

उन्होंने बताया कि मतदान के दिन प्रत्येक मतदाता को अपनी पहचान साबित करने के लिए वोटर आईडी कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। यदि किसी मतदाता के पास मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, तो वह निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में से किसी एक का उपयोग कर सकता है।

मान्य दस्तावेजों में पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, सरकारी कर्मचारी पहचान पत्र, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, राशन कार्ड, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, छात्र पहचान पत्र, संपत्ति संबंधी दस्तावेज, शस्त्र लाइसेंस, कंडक्टर लाइसेंस, पेंशन दस्तावेज, रेलवे या बस पास, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, स्वतंत्रता सेनानी प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि जिले के मतदाता बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।