8 जून को सचिवालय घेराव करेंगी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और हेल्पर, सिरमौर से हजारों महिलाओं के शामिल होने का दावा
नाहन। आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन (सीटू) के राज्यव्यापी आह्वान पर 8 जून को शिमला में आयोजित होने वाले सचिवालय घेराव में जिला सिरमौर से हजारों आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं हेल्पर भाग लेंगी। यह जानकारी यूनियन नेताओं ने संयुक्त प्रेस बयान जारी कर दी।
यूनियन की ओर से जारी बयान में सीटू जिला महासचिव आशीष कुमार, जिला अध्यक्ष राजेश तोमर, आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन की जिला महासचिव वीना शर्मा तथा जिला अध्यक्ष नीलम शर्मा ने कहा कि आंगनवाड़ी कर्मी लंबे समय से अपने अधिकारों और सेवा शर्तों से संबंधित मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रेच्युटी सहित कई मांगों को लेकर होगा प्रदर्शन
यूनियन नेताओं ने कहा कि हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आंगनवाड़ी कर्मियों को ग्रेच्युटी का लाभ दिए जाने संबंधी निर्णय को सभी राज्यों में प्रभावी रूप से लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि प्रदेश में भी पात्र आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्परों को यह लाभ तत्काल प्रदान किया जाए।
उन्होंने बताया कि सचिवालय घेराव के दौरान ग्रेच्युटी के अलावा ईपीएफ, ईएसआई, नियमित कर्मचारी का दर्जा, सम्मानजनक वेतन, पेंशन, सेवा निवृत्ति लाभ, सभी प्रकार की छुट्टियां, रिक्त पदों पर नियुक्तियां तथा आईसीडीएस के निजीकरण पर रोक जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सरकार से सकारात्मक निर्णय लेने की मांग
यूनियन नेताओं का कहना है कि आंगनवाड़ी कर्मी वर्षों से बच्चों, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों को महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कर रही हैं, लेकिन उन्हें अभी तक कर्मचारी का दर्जा और पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई गई हैं।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि आंगनवाड़ी कर्मियों की लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
आंदोलन में शामिल होने की अपील
यूनियन ने जिला सिरमौर की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं हेल्परों से बड़ी संख्या में शिमला पहुंचकर सचिवालय घेराव को सफल बनाने की अपील की है। नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन आंगनवाड़ी कर्मियों के अधिकारों और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों की लड़ाई को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।