जिले के महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने और उन्हें बड़े कारोबार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। वीरवार को डीआरडीए हॉल में आयोजित स्वयं सहायता समूहों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अभिषेक गर्ग, अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए हिम ईरा शॉप्स एवं ग्रामीण हाट में विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके साथ ही विभिन्न अवसरों पर उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। हमीरपुर शहर के डांग क्वाली और दियोटसिद्ध में स्थापित हिम ईरा शॉप्स में भी इन समूहों को बिक्री का मंच उपलब्ध करवाया गया है।
एडीसी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को फेसबुक, इंस्टाग्राम, अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया जाए। इसके साथ ही उत्पादों की लैब टेस्टिंग कराकर फूड सेफ्टी लाइसेंस प्राथमिकता के आधार पर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर में उपलब्ध मशीनरी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता में वृद्धि हो सके।
एडीसी ने जानकारी दी कि नादौन विकास खंड के उमंग न्यू आजीविका एवं शिवा स्वयं सहायता समूह तथा भोरंज विकास खंड के पटियाल बैग हाउस को सफलतापूर्वक अमेजन प्लेटफॉर्म पर ऑन-बोर्ड किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त विकास खंड बिझड़ी में फूड वैन की शुरुआत कर दी गई है, जिसे देवभूमि सीएलएफ द्वारा संचालित किया जाएगा। इन फूड वैनों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने पारंपरिक खाद्य उत्पादों और व्यंजनों की बिक्री कर आय अर्जित कर सकेंगी। एडीसी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को फूड वैन से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र एचपीएसआरएलएम शिमला को भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वयं सहायता समूहों से जुड़े अन्य विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। महिलाओं को उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। स्किल लैब के अधिकारियों डॉ. हिमेश शर्मा और सुधीर शर्मा ने भी उद्यमिता और कौशल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। बैठक में डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर ने स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
