हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा एनजीओ भवन में महिला जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए आर्थिक स्वावलंबन सबसे आवश्यक है। पैतृक संपत्ति में बेटी का अधिकार, पंचायतों में महिला आरक्षण, मनरेगा और स्वयं सहायता समूहों जैसी योजनाएं महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने बताया कि आयोग ने आम महिलाओं की पहुंच को सरल बनाया है, जिससे उत्पीड़न के मामलों में महिलाएं आगे आकर शिकायत दर्ज करवा रही हैं। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की गई तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।
