अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी 2026 के अंतर्गत वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता के ऑडिशन शुरू हो गए हैं। आज आयोजित ऑडिशन में मंडी सदर, कोटली, बालीचौकी और धर्मपुर उपमंडलों के 80 कलाकारों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त मंडी गुरसिमर सिंह ने बताया कि 4 फरवरी को बल्ह, सरकाघाट, पधर और जोगिंद्रनगर उपमंडलों के कलाकारों के ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। वहीं 5 फरवरी को करसोग, गोहर, सुंदरनगर और थुनाग उपमंडलों के कलाकार ऑडिशन में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि ऑडिशन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का चयन निर्धारित जजों द्वारा मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयनित कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2026 के दौरान आयोजित वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता तथा विभिन्न सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि 6 फरवरी को मंडी के अलावा अन्य जिलों के कलाकारों के लिए गायन ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे, जबकि 7 फरवरी को मंडी सहित अन्य जिलों के कलाकारों के लिए डांस ऑडिशन लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता के विजेता को 51 हजार रुपये, प्रथम उपविजेता को 31 हजार रुपये तथा द्वितीय उपविजेता को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।