विश्व हिंदू परिषद की दो दिवसीय प्रांत बैठक दाडलाघाट में संपन्न

rakesh nandan

14/01/2026

सदैव राष्ट्रहित सर्वोपरि, धर्मों रक्षति रक्षित: तथा सेवा–सुरक्षा–संस्कार के भाव को अग्रणी रखते हुए विश्व के सबसे बड़े धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों में से एक विश्व हिंदू परिषद हिमाचल प्रदेश की प्रांत बैठक 10 व 11 जनवरी 2026 को (दो दिवसीय) शिव तांडव गुफा, दाडलाघाट में संपन्न हुई। इस दो दिवसीय प्रांतीय बैठक में परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नीरज दोनेरिया, क्षेत्रीय मंत्री लेखराज राणा, हिमाचल प्रांत अध्यक्ष डॉ. केशव वर्मा, प्रांत संगठन मंत्री प्रेम शंकर एवं प्रांत मंत्री तुषार डोगरा का मार्गदर्शन विभिन्न सत्रों में प्रदेश के 27 संगठनात्मक जिलों से आए प्रांत, विभाग एवं जिला स्तर के कार्यकर्ताओं को प्राप्त हुआ।

बैठक के अंतिम सत्र में संगठनात्मक दायित्वों में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन एवं नवीन दायित्वों की घोषणा की गई। इसी क्रम में सिरमौर जिले में दो नए दायित्व घोषित किए गए। विभोर कुमार को विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष सिरमौर तथा सतीश कुमार को जिला सह मंत्री सिरमौर का दायित्व सौंपा गया।

बैठक में आगामी समय में संगठन द्वारा किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत रूपरेखा भी तैयार की गई। युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से बजरंग दल को खेल गतिविधियों के आयोजन की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अंतर्गत प्रदेश स्तर पर सभी जिलों में पारंपरिक खेल कबड्डी प्रतियोगिताओं के आयोजन की योजना बनाई गई, ताकि युवा शक्ति शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बन सके।

इस प्रांतीय बैठक में जिला सिरमौर से प्रांत मठ-मंदिर एवं अर्चक पुरोहित संपर्क प्रमुख दीपक भंडारी, जिला मंत्री सुनील चौधरी तथा बजरंग दल जिला संयोजक किशोरी लाल बिंदु भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह बैठक संगठनात्मक सुदृढ़ता, युवाओं के संस्कार निर्माण और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।