लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज ऐतिहासिक रिज मैदान शिमला में आयोजित होने वाले पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण के राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। यह कार्यक्रम 13 अक्तूबर, 2025 को आयोजित किया जाएगा। मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठने की व्यवस्था, शामियाना, प्रदर्शनी, यातायात प्रबंधन और अन्य तैयारियों को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सभी विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुचारू और व्यवस्थित रहें।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि 13 अक्तूबर को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी इंचार्ज रजनी पाटिल, राजीव शुक्ला सहित देश और प्रदेश के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह, जो छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, का राज्य के विकास में अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह द्वारा आरंभ किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता रहेगी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जाएगा, ताकि विकास की गति निरंतर बनी रहे। इस अवसर पर उपाध्यक्ष हिमुडा यशवंत छाजटा, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।