हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सभी पंचायतों को सड़क सुविधा से जोड़ना और उन्हें अधिक से अधिक बजट उपलब्ध करवा कर सशक्त बनाना प्रदेश सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। वह आज शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बढ़ई में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत सामुदायिक भवन के लोकार्पण के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों का समान विकास
मंत्री ने पंचायत क्षेत्र के सभी ग्रामवासियों को नवनिर्मित पंचायत भवन की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की हर पंचायत का समान विकास सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विकास में भी कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों के दौरान बढ़ई पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें 17 लाख रुपये विधायक निधि और 72 लाख रुपये अन्य मदों से स्वीकृत किए गए हैं।
जनगणना आधारित विकास योजनाएं
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बढ़ई नाम से नया जिला परिषद वार्ड गठित किया गया है, जिसमें आसपास की पंचायतों के साथ शोधी क्षेत्र की पंचायतों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विकास योजनाओं का आधार जनगणना होता है और फिलहाल 2011 की जनगणना के अनुसार ही राशि स्वीकृत की जा रही है। आगामी जनगणना शीघ्र करवाने के लिए केंद्र सरकार को मामला भेजा गया है, ताकि विकास कार्यों के लिए मिलने वाले बजट में वृद्धि हो सके।
सीजीएमजी टेक्नोलॉजी से पक्की होगी बढ़ई–चिड़ियाघर सड़क
मंत्री ने बताया कि बरसात या जलभराव से क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों के लिए प्रदेश में सीजीएमजी टेक्नोलॉजी अपनाई जा रही है, जिसकी शुरुआत बढ़ई से चिड़ियाघर तक की सड़क से की जा रही है। इस सड़क को पक्का करने पर 37 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कार्य अवार्ड किया जा चुका है।
पार्किंग, परिवहन और कचरा प्रबंधन पर जोर
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह का सपना था कि शिमला शहर और संकट मोचन क्षेत्र में पार्किंग सुविधा विकसित हो, जिसे अब साकार किया गया है। इसके अतिरिक्त विकास नगर, ऑकलैंड, लिफ्ट, संजौली, टूटीकंडी और टुटू में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 250 नई डीजल बसें आने पर बढ़ई गांव सहित शिमला शहर से जुड़े क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर नए बस रूट शुरू किए जाएंगे। वहीं, मझयाट में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
पेयजल योजनाएं और नई घोषणाएं
विक्रमादित्य सिंह ने घोषणा की कि बढ़ई पंचायत के विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि प्रदान की जाएगी और पंचायत सामुदायिक भवन के लिए टेबल टेनिस किट भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिहार गांव और आसपास के छूटे हुए घरों को घरोग घण्डल उठाऊ पेयजल योजना से जोड़ा जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को पर्याप्त पेयजल सुविधा मिल सके।
“मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम में सुनीं जनसमस्याएं
इसके उपरांत मंत्री ने “मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत बढ़ई व आसपास की पंचायतों के लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों के सहयोग से अधिकांश समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य संतोष शर्मा, पंचायत समिति टुटू की अध्यक्ष सरोज शर्मा, नगर निगम पार्षद किरण, बीडीसी सदस्य सीमा चौहान, पंचायत प्रधान प्रियंका तनवर, सहित विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
