किन्नौर में वाइब्रेंट विलेज योजना की समीक्षा बैठक आयोजित

rakesh nandan

10/02/2026

उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने आज उपायुक्त कार्यालय सभागार में वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जनजातीय जिला किन्नौर की सीमावर्ती एवं दूर-दराज पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों की अद्यतन स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पूह उपमंडल के गांव चूलिंग में संपर्क मार्ग निर्माण, सुमरा पंचायत के प्रवेश द्वार, नेसंग पंचायत में पुल निर्माण, सरहद वन वाटिकाएं, छितकुल में बस स्टैंड व इको-पार्क तथा लियो गांव में मेडिटेशन केंद्र के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों से कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अधोसंरचना सुदृढ़ होने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति सशक्त होगी। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया।

डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रयासों से केंद्र सरकार द्वारा शिपकी ला से चीन के बीच व्यापार की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

बैठक में भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस के उप-आदेशक कुलिस आनंद, आदेशक होम गार्ड प्रथम वाहिनी सुरेश कुमार, परियोजना अधिकारी आईटीडीपी घनश्याम दास शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. राकेश नेगी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र गुरु लाल नेगी, खंड विकास अधिकारी कल्पा हिमांशी शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा तथा अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ललित जरयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।