ऊना जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और कीर्तिमान स्थापित किया है। वर्ष 2024-25 में जिले के 73 स्वास्थ्य संस्थानों को कायाकल्प पुरस्कार से नवाजा गया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए जिले को 53.85 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई है। गुरुवार को जोनल अस्पताल के सभागार में आयोजित जिला गुणवत्ता आश्वासन समिति और जिला पुरस्कार समिति की बैठक में उपायुक्त जतिन लाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऊना जिला लगातार उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रदेश में सर्वाधिक कायाकल्प अवार्ड प्राप्त करने वाला जिला बन गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और प्रयास
उपायुक्त ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर से बेहतरीन बनाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा को सामाजिक सुरक्षा के दो महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पूरे समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालती हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि जिला के 73 स्वास्थ्य संस्थान राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों के आधार पर राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय चयन टीम द्वारा कायाकल्प अवार्ड के लिए चुने गए। यह चयन एक्सटर्नल असेसमेंट प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। उन्होंने कहा कि जिला ने वर्ष दर वर्ष स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों में सुधार किया है और अवार्ड की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है।
अधिकारी एवं कर्मचारियों का सम्मान
बैठक में स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह सिद्धू और जिला सलाहकार अधिकारी डॉ. रमन कुमार संदल ने विभागीय गतिविधियों और स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रगति की जानकारी दी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी, सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और मिशन से जुड़े अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी
-
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया
-
क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रशिक्षण केंद्र छैब के प्रधानाचार्य डॉ. राजीव गुर्ग
-
सभी खंड चिकित्सा अधिकारी
-
स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह
-
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंकित चैधरी