ऊना में यातायात सुधार अभियान को मिला जनता का समर्थन

rakesh nandan

02/12/2025

जिलाधीश ऊना जतिन लाल द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और आम नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए शुरू किया गया विशेष अभियान व्यापक जनसमर्थन प्राप्त कर रहा है। अभियान के तहत प्रशासन ने शहर की सड़कों के किनारे लगी अवैध रेहड़ी–फेरी हटाने, दुकानदारों द्वारा अनियमित रूप से घेरकर उपयोग की जा रही सड़क को खाली करवाने तथा सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को हटाने की कार्रवाई शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य शहर में जाम की समस्या को कम करना, यातायात को सुचारू बनाना और पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है।

इस कार्रवाई का ऊना शहर के नागरिकों, व्यापारी वर्ग, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने जोरदार स्वागत किया है। लोगों ने कहा कि शहर में अवैध कब्जों के कारण लगातार जाम की स्थिति बन रही थी और आम लोगों, विशेषकर महिलाओं, छात्रों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस कार्रवाई से शहर में व्यवस्था, स्वच्छता और अनुशासन स्थापित होने लगा है।


लोग बोले — हर दिन जाम से मिली निजात

गांव अरनियाला के वरिष्ठ नागरिक संगठन के प्रधान राजेश सैनी और इंडियन एक्स सर्विस लीग ऊना के अध्यक्ष कैप्टन शक्ति चंद ने अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि अवैध कब्जे और अव्यवस्थित पार्किंग जाम की प्रमुख वजह थे। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रभावित जरूरतमंद लोगों के लिए प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था भी बनाई जानी चाहिए।

आम नागरिकों ने भी कहा कि सड़कों से रेहड़ी–फेरी हटने के बाद यातायात पहले की तुलना में काफी सुचारू हो गया है। जहां पहले घंटों जाम लगता था, अब वाहनों की आवाजाही सहज हो गई है। पैदल चलने वालों ने भी राहत जताते हुए कहा कि फुटपाथ साफ होने से अब सुरक्षित तरीके से चलना संभव हो पाया है। कई दुकानदारों ने माना कि बाजार अब अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और आकर्षक दिखने लगा है।


सार्वजनिक स्थानों की सुंदरता भी बढ़ी

शहर के नागरिकों ने बताया कि अवैध अतिक्रमण हटने से सड़कों और फुटपाथों का मूल उपयोग पुनः स्थापित हुआ है, जिससे शहर की सुंदरता भी बढ़ी है। लोगों ने इस प्रकार की नियमित कार्रवाई जारी रखने की मांग की है।


डीसी की अपील — सुव्यवस्था में करें सहयोग

जिलाधीश जतिन लाल ने कहा कि जिले में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने, भीड़भाड़ नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अन्य मुख्य बाजारों में भी यह मुहिम जारी रहेगी।
उन्होंने स्थानीय व्यापार मंडलों से सुझाव आमंत्रित किए हैं और एसडीएम, पीडब्ल्यूडी व नगर निकायों को संयुक्त अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

डीसी ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और सड़कों, फुटपाथों तथा पार्किंग नियमों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर का निर्माण प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही संभव है।