ऊना में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल मुख्य अतिथि होंगे। वे 26 जनवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र स्कूल ऊना के प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
इस वर्ष समारोह को और अधिक भव्य एवं यादगार बनाने के लिए परेड के साथ-साथ आकर्षक झांकियां, सूचना स्टॉल और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
उपायुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा
उपायुक्त जतिन लाल ने मंगलवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की और आयोजन को सुव्यवस्थित व गरिमामय बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्य अतिथि डॉ. धनी राम शांडिल 26 जनवरी को प्रातः 10:45 बजे शहीद स्मारक, एमसी पार्क में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके उपरांत प्रातः 11 बजे वे छात्र स्कूल ऊना के मैदान में ध्वजारोहण करेंगे।
ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे, मार्च-पास्ट की सलामी ग्रहण करेंगे और जिला वासियों को संबोधित करेंगे। परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और एनएसएस की टुकड़ियां भाग लेंगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं एवं नाट्य दल देशभक्ति एवं लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
उपायुक्त ने बताया कि मौसम प्रतिकूल होने की स्थिति में टाउन हॉल ऊना में वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
प्रदेश सरकार की योजनाओं पर आधारित झांकियां रहेंगी आकर्षण
समारोह में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी, जिनमें मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना, राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे बोर्डिंग स्कूल, स्वास्थ्य, आयुष, कृषि, बागवानी, रेड क्रॉस, सामर्थ्य, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग शामिल हैं।
कर्मवीरों को मिलेगा सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सर्वश्रेष्ठ झांकी, सर्वश्रेष्ठ स्टॉल और सर्वश्रेष्ठ सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा जिले के स्वतंत्रता सेनानियों और वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को विशेष सम्मान दिया जाएगा।
ईट राइट मेले की तर्ज पर स्वास्थ्यवर्धक स्टॉल
स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए समारोह स्थल पर ईट राइट मेले की तर्ज पर स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें स्वयं सहायता समूहों सहित विभिन्न विभाग भाग लेंगे।
उपायुक्त जतिन लाल ने जिला वासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में समारोह में भाग लेकर इस राष्ट्रीय पर्व को उत्साह, गरिमा और उल्लास के साथ मनाएं।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया, सहायक आयुक्त वरिंद्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।