ऊना नगर निगम में 20 करोड़ से सुदृढ़ होगी बिजली व्यवस्था

rakesh nandan

22/01/2026

ऊना नगर निगम क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। वर्ल्ड बैंक पावर सेक्टर डेवलपमेंट स्कीम के तहत लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से शहर के विद्युत ढांचे का व्यापक उन्नयन किया जाएगा। इस परियोजना के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र में करीब 100 ट्रांसफार्मरों का उन्नयन अथवा नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना की जाएगी, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक निर्बाध, स्थिर और भरोसेमंद बनेगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए दर्शन सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत ऊना ने बताया कि योजना के तहत 11 केवी केबलों का रिप्लेसमेंट, एलटी (लो टेंशन) नेटवर्क में सुधार तथा अन्य तकनीकी उन्नयन कार्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह परियोजना अगले 6 से 8 महीनों के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना के पूरा होने के बाद शहर में वोल्टेज की समस्या में सुधार, ट्रिपिंग और फॉल्ट में कमी, क्षमता वृद्धि तथा जर्जर और असुरक्षित विद्युत ढांचे के सुधार से नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अंतर्गत पुराने तारों और जोखिमपूर्ण इन्फ्रास्ट्रक्चर को हटाकर नई तकनीक आधारित सुरक्षित विद्युत व्यवस्था विकसित की जाएगी।

महेंद्र पाल गुर्जर, आयुक्त नगर निगम ऊना ने इस परियोजना को शहर के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मजबूत बिजली ढांचा आधुनिक शहरी सुविधाओं की मूल आवश्यकता है। वहीं, जतिन लाल, उपायुक्त ऊना ने कहा कि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से नगर निगम क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा लोगों को बेहतर और विश्वसनीय सेवा प्राप्त होगी।