प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में खेती-बाड़ी को आधुनिक, आसान और लाभकारी बनाने के लिए निरंतर ठोस प्रयास जारी हैं। इस दिशा में राज्य कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत किसानों को अत्याधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो पारंपरिक खेती के तौर-तरीकों में सुधार ला रहे हैं और उत्पादन क्षमता को बढ़ावा दे रहे हैं।
कृषि उपनिदेशक ऊना डॉ. कुलभूषण धीमान ने बताया कि इस योजना से बीते दो वर्षों में ऊना जिले के कुल 5,291 किसानों को लाभ मिला है। इस पर लगभग 65 लाख रुपये का व्यय किया गया है। वर्ष 2023-24 में 2,995 और 2024-25 में 2,296 किसानों को सब्सिडी के तहत पावर-चालित चारा काटने की मशीन, स्प्रे पंप, ब्रश कटर, वाटर टब, सीड बिन जैसे कृषि यंत्र उपलब्ध कराए गए हैं।
डॉ. धीमान ने बताया कि ये आधुनिक उपकरण किसानों के कृषि कार्यों को सरल बनाते हैं, जिससे उनकी मेहनत कम होती है और उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है।
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू का किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों से जोड़ने और खेती को एक लाभकारी व्यवसाय बनाने पर विशेष ध्यान है। उनके निर्देशों के अनुसार जिले में अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ पहुंचाने के प्रयास जारी हैं, ताकि उनकी आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित हो सके।