उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले में एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत 4 करोड़ 57 लाख रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। यह जानकारी उन्होंने बागवानी विभाग की वार्षिक योजना समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि मिशन के अंतर्गत यह राशि फल उत्पादन बढ़ाने, गुणवत्तायुक्त पौध वितरण, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली, प्राकृतिक खेती, कीट एवं रोग नियंत्रण दवाइयों तथा आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता पर खर्च की जाएगी।
योजना के तहत सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के लिए 57 लाख 88 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं सुरक्षात्मक खेती को बढ़ावा देने के लिए पॉलीहाउस एवं हाइब्रिड संरचनाओं हेतु 2 करोड़ 37 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त बागवानी मशीनरी एवं उपकरणों की खरीद के लिए 16 लाख रुपये की अनुदान राशि तथा रिफ्रिजरेटेड ट्रांसपोर्ट वाहन के लिए 15 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि जिला ऊना की अर्थव्यवस्था में बागवानी का महत्वपूर्ण योगदान है और योजनाओं का लाभ पारदर्शिता व समयबद्ध तरीके से बागवानों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गुणवत्तायुक्त पौध सामग्री, उन्नत तकनीक और आधुनिक सिंचाई प्रणाली को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बैठक में उपनिदेशक बागवानी के.के. भारद्वाज, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. रानु पठानिया, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक संजीव सक्सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
