ऊना में 29 मार्च से एचपीवी टीकाकरण अभियान

rakesh nandan

03/03/2026

ऊना में 29 मार्च से विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान

डॉ. संजीव वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना, ने जानकारी दी कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से बचाव एवं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से 29 मार्च से विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत ऊना जिले में 29 मार्च, 5 अप्रैल और 12 अप्रैल को विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को इस अभियान के तहत टीका लगाया जाएगा।


10 मार्च तक पंजीकरण, 20 मार्च तक ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए 10 मार्च तक सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ प्रवासी श्रमिक परिवारों का हाउस-टू-हाउस पंजीकरण किया जाएगा। 20 मार्च तक ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। किशोरियां स्वयं भी U-WIN पोर्टल (https://uwin.mohfw.gov.in) पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं।


एचपीवी और सर्वाइकल कैंसर का खतरा

एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमावायरस संक्रमण विश्व स्तर पर सबसे आम संक्रमणों में से एक है। भारत में यह महिलाओं में होने वाले कैंसर में दूसरा सबसे बड़ा कारण माना जाता है। यदि समय पर रोकथाम न की जाए तो यह वायरस सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का कारण बन सकता है। डॉ. वर्मा ने कहा कि समय पर टीकाकरण, सुरक्षित व्यवहार, नियमित जांच और जागरूकता के माध्यम से इस संक्रमण को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है।


टीकाकरण के दौरान विशेष सावधानियां

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि टीकाकरण खाली पेट नहीं किया जाएगा। टीका लगाने के बाद किशोरियों को कम से कम 30 मिनट तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा, ताकि किसी भी संभावित प्रतिकूल प्रतिक्रिया की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने सभी टीकाकरण केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों और आपातकालीन प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


विभागों का समन्वित प्रयास

अभियान को सफल बनाने के लिए आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह और पंचायती राज संस्थाओं को भी सक्रिय किया गया है। शिक्षा विभाग के माध्यम से विद्यालयों में आयोजित पैरेंट्स मीटिंग्स के दौरान अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण और टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा।


अभिभावकों से अपील

डॉ. संजीव वर्मा ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करें। यह न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य की सुरक्षा है, बल्कि समाज को गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता और जागरूकता से ही सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारी के उन्मूलन की दिशा में ठोस प्रगति संभव है।