ऊना में 29 मार्च से एचपीवी टीकाकरण अभियान

rakesh nandan

17/02/2026

जतिन लाल ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से बचाव एवं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से ऊना जिले में 29 मार्च से 21 जून तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी उन्होंने जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आयोजित एचपीवी टीकाकरण अभियान की जिला टास्क फोर्स बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा। 10 मार्च तक सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा प्रवासी श्रमिक परिवारों का हाउस-टू-हाउस पंजीकरण और 20 मार्च तक ऑनलाइन पंजीकरण पूर्ण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर टीकाकरण से इसके जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अभियान की सफलता के लिए आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह और पंचायती राज संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में आयोजित पैरेंट्स मीटिंग्स के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कर उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखें।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि एचपीवी विश्व स्तर पर सामान्य संक्रमणों में से एक है, जो समय रहते रोकथाम न होने पर सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण खाली पेट नहीं किया जाएगा तथा टीका लगाने के बाद किशोरियों को 30 मिनट तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि किशोरियां स्वयं U-WIN (uwin.mohfw.gov.in) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं।