टिक्कर खातरियां में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता शिविर आयोजित

rakesh nandan

22/01/2026

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की टिक्कर खातरियां शाखा ने वीरवार को नाबार्ड के सहयोग से गांव टिक्कर खातरियां में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता शिविर का आयोजन किया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं तथा डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक मोहिंद्र चौहान और बैंक के अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न बैंकिंग प्रक्रियाओं, ऋण योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड, बीमा योजनाओं, पेंशन योजनाओं तथा सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

मोहिंद्र चौहान ने बताया कि स्वरोजगार या अपना कारोबार शुरू करने के इच्छुक व्यक्ति बैंक से ऋण प्राप्त कर सकते हैं तथा विभिन्न सरकारी स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत सब्सिडी का लाभ भी उठा सकते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत किसान बिना किसी गारंटी के 2 लाख रुपये तक का ऋण ले सकते हैं, जबकि योजना के अंतर्गत अब 5 लाख रुपये तक के ऋण पर सरकारी अनुदान का प्रावधान भी किया गया है।

शिविर के दौरान बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन लेन-देन, यूपीआई, एटीएम उपयोग आदि की जानकारी दी और साथ ही डिजिटल ठगी से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत बैंक या संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें। इस अवसर पर दिनेश कुमार, अश्वनी शर्मा, सुरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे और शिविर को अत्यंत उपयोगी बताया।