जिला मंदिर न्यासों में 48 पदों पर जल्द होगी भर्ती प्रक्रिया शुरू

rakesh nandan

12/01/2026

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि जिला शिमला के विभिन्न मंदिर न्यासों में लगभग 48 पद रिक्त हैं, जिन्हें भरने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल रिक्त पदों की विस्तृत सूचना प्रदेश सरकार को भेजी जा रही है और इन पदों को भरने के लिए अनुमोदन प्राप्त हो चुका है। अब संबंधित मंदिर न्यास तय कमेटी के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि जिला के मंदिरों के बेहतर प्रबंधन एवं संचालन के लिए सभी पदों का भरा होना आवश्यक है। रिक्त पदों के कारण मंदिर व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही थीं, जिन्हें जल्द दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित मानकों, योग्यताओं और शर्तों के अनुरूप ही की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिला के पांच प्रमुख मंदिरों में पुजारी, मल्टीपर्पज कर्मचारी, अकाउंटेंट, क्लर्क सहित विभिन्न पद भरे जाएंगे। सभी नियुक्तियां पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत होंगी।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने यह भी जानकारी दी कि जिला के मंदिर न्यासों की वेबसाइट निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। जाखू मंदिर, संकटमोचन मंदिर और तारा देवी मंदिर की वेबसाइट पहले ही तैयार की जा चुकी हैं। शेष मंदिरों के लिए भी वेबसाइट बनाई जाएंगी, जिन पर मंदिर से संबंधित सभी जानकारियां, ऑनलाइन भंडारा बुकिंग, लाइव आरती सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जाखू मंदिर की तर्ज पर हर मंदिर परिसर के लिए विस्तारीकरण एवं अत्याधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए डेवलपमेंट प्लान तैयार किया जाएगा। एक माह के भीतर तारा देवी, संकटमोचन, हाटकोटी और सराहन मंदिर न्यास अपने-अपने विकास प्लान तैयार करेंगे, जिससे भविष्य में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के अनुरूप सुविधाएं विकसित की जा सकें।

इसके अतिरिक्त, तारा देवी मंदिर के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से राहत मिल सके। बैठक में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग सड़कों के निर्माण पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने मंदिर न्यास को वैकल्पिक मार्ग तलाशने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर देवी चंद ठाकुर, मंजीत शर्मा, हर्ष अमरेंद्र नेगी तथा ओशिन शर्मा सहित अन्य गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।