स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति की समीक्षा, 462 शौचालय पूर्ण

rakesh nandan

04/02/2026

उपायुक्त कार्यालय के सभागार में अजय सोलंकी की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) जिला समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला सिरमौर में मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में जिला विकास अधिकारी द्विज गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के अंतर्गत अब तक 462 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि 238 शौचालयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के निर्माण के तहत 22 कार्य प्रगति पर हैं, जबकि 38 कार्यों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत सामुदायिक स्तर पर 07 कम्पोस्ट पिट्स का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है तथा 04 कार्य प्रगति पर हैं।

जिला विकास अधिकारी ने बताया कि ग्रे वाटर मैनेजमेंट के तहत सामुदायिक परिसंपत्तियों में 18 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं और 06 कार्यों पर कार्य जारी है। वहीं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों की स्थापना को लेकर समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिला सिरमौर में 02 इकाइयां कार्यशील हैं, जबकि 04 इकाइयों को शीघ्र आरंभ किया जाएगा।


🟣 अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर भी बैठक

इससे पूर्व विधायक अजय सोलंकी की अध्यक्षता में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह को लेकर भी बैठक आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि इस वर्ष यह समारोह 8 मार्च को नाहन के चौगान मैदान में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों की सहभागिता को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया, ताकि महिला दिवस का आयोजन गरिमामय, प्रभावी एवं सफल बनाया जा सके।