रोहड़ू में पद यात्रा के दौरान बोले सांसद सुरेश कश्यप: भाजपा बना विश्व का सबसे मजबूत राजनीतिक दल

rakesh nandan

17/11/2025

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे की शुरुआत रोहड़ू विधानसभा से की। यह दौरा सरदार बल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित पद यात्रा कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश ही नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे शक्तिशाली राजनीतिक दल बनकर उभरी है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में भाजपा के 1035 विधायक थे, जो 2020 में बढ़कर 1207 और 2025 में 1654 तक पहुंच गए। यह दर्शाता है कि भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

कांग्रेस का घटता जनाधार: कश्यप

सुरेश कश्यप ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव (2025) में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा जिसमें पार्टी मात्र 8.7% वोट शेयर और सिर्फ कुछ सीटों तक सीमित रह गई।
उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का वोट शेयर मात्र 21% रहा, जबकि भाजपा का 37%।
यह साफ दर्शाता है कि लोगों का भरोसा तेजी से भाजपा की ओर बढ़ रहा है।


रोहड़ू का वास्तविक विकास जयराम सरकार में हुआ: सुरेश कश्यप

सांसद ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा हाल ही में रोहड़ू क्षेत्र के दौरों में विकास का दावा करना वास्तविकता से परे है।
उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में रोहड़ू में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए, जिनमें—

  • रोहड़ू सिविल अस्पताल में सीटी स्कैन सुविधा

  • संडासू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 20 से 50 बिस्तरों तक अपग्रेड

  • कुलगढ़ में हेलीपैड का निर्माण

  • समोली में मुख्यमंत्री लोक भवन में अतिरिक्त मंजिल

  • समरकोट और धामवाड़ी में उप-तहसीलें

  • आईटीआई चिरगांव और आईटीआई डोडरा क्वार में नए ट्रेड शुरू

ये सभी कार्य भाजपा शासन में ही पूरे हुए।


‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ सरदार पटेल की प्रेरणा: कश्यप

सुरेश कश्यप ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता के पश्चात 550 से अधिक रियासतों का ऐतिहासिक एकीकरण करके नई भारत-रचना की नींव रखी।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल इतिहास लिखने में नहीं, बल्कि इतिहास रचने में विश्वास रखते थे।
आज उनकी जयंती पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में बड़े उत्साह से मनाई जाती है।

कश्यप ने कहा कि जिस प्रकार देश 15 अगस्त और 26 जनवरी को राष्ट्रीय पर्व मनाता है, उसी तरह अब राष्ट्रीय एकता दिवस भी देश की सामूहिक एकता और संकल्प का बड़ा समारोह बन चुका है।