भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने दिल्ली में आयोजित वित्त समिति की बैठक में भाग लिया। बैठक के उपरांत उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा किए गए श्रम सुधारों की सराहना करते हुए इन्हें देश के श्रम क्षेत्र में ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया।
सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार ने 29 पुराने श्रम कानूनों को समाहित कर चार श्रम संहिताओं के रूप में एक नया, सरल और पारदर्शी ढांचा तैयार किया है। इनमें मजदूरी संहिता, औद्योगिक संबंध संहिता, सामाजिक सुरक्षा संहिता तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थिति संहिता शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन सुधारों से जहां एक ओर व्यापार करने की आसानी को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर मजदूरों को मजदूरी सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित होंगे। नए ढांचे में महिलाओं, प्रवासी श्रमिकों, गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को भी समान अधिकार और संरक्षण प्रदान किया गया है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए ये श्रम सुधार न केवल श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार लाएंगे, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा और गति प्रदान करेंगे।
