कांग्रेस की मानसिकता उजागर: सुरेश कश्यप

rakesh nandan

15/12/2025

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कांग्रेस पार्टी की हालिया रैली में लगाए गए आपत्तिजनक नारों को लेकर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि अत्यंत दुख और उद्वेलित मन से यह विषय देश के समक्ष रखना पड़ रहा है। कांग्रेस की रैली में “मोदी, तेरी कब्र खुदेगी” जैसे नारे न केवल रिकॉर्ड पर हैं, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी की सोच, संस्कार और मानसिकता को भी उजागर करते हैं।

सुरेश कश्यप ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के विरुद्ध इस प्रकार की भाषा और मृत्यु की कामना करना घोर निंदनीय, शर्मनाक और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की हताशा और निराशा का प्रतीक है, जो बार-बार जनता द्वारा नकारे जाने के बाद अब इस स्तर तक गिर चुकी है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर मामले को लेकर लोकसभा और राज्यसभा दोनों में कड़ा विरोध दर्ज किया गया। राज्यसभा में सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस नेतृत्व से देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की, जबकि लोकसभा में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने इसे राजनीति के पतन का सबसे घिनौना उदाहरण बताया।

सुरेश कश्यप ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस रैली में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तथा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री और विधायक मौजूद थे, इसके बावजूद इस तरह के नारे लगना यह दर्शाता है कि कांग्रेस नेतृत्व या तो मौन समर्थन दे रहा था या जानबूझकर इस घृणित राजनीति को बढ़ावा दे रहा था। उन्होंने कहा कि भाजपा इस पूरे घटनाक्रम की घोर निंदा करती है और मांग करती है कि सोनिया गांधी, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के खिलाफ मृत्यु की कामना करना अमानवीय और राष्ट्र का अपमान है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए, क्योंकि देश की जनता इस तरह की नकारात्मक और स्तरहीन राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगी।