भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कांगड़ा में हुई ऐतिहासिक भाजपा रैली से कांग्रेस सरकार पूरी तरह बैकफुट पर आ गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता यह समझ ही नहीं पा रहे कि इतना बड़ा जनसैलाब आखिर आया कहां से, जबकि सरकार ने हर संभव प्रयास किया कि लोग रैली स्थल तक न पहुंचें। इसके बावजूद हजारों की संख्या में जनता और कार्यकर्ता सड़क पर उमड़े और कांग्रेस सरकार के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया।
सुरेश कश्यप ने कहा कि जिस प्रकार से जनता में कांग्रेस विरोधी लहर दिख रही है, उससे साफ है कि यदि आज चुनाव हों तो कांग्रेस ढूंढे नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेशव्यापी व्यापक आंदोलन शुरू करेगी और इस सरकार को दोबारा सत्ता में नहीं आने देगी।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि यह पार्टी सनातन-विरोधी, जनविरोधी और विकास-विरोधी है। कांग्रेस के सत्ता में आते ही विकास कार्य ठप हो गए, योजनाएं रुक गईं और जनता हताश है। सरकार केवल झूठे वादों और खोखले भाषणों में लगी हुई है।
सुरेश कश्यप ने गरीब और भूमिहीन परिवारों के मुद्दे पर भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दशकों से सरकारी भूमि पर रह रहे गरीब लोगों को कानूनी हक देने की दिशा में नीति बनाई थी। लेकिन मौजूदा सरकार अदालत में सही तरीके से पक्ष नहीं रख सकी, जिसके कारण आज 1.24 लाख से अधिक परिवारों पर बेघर होने का संकट मंडरा रहा है।
उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस सरकार इन गरीब परिवारों के घर बचाने के लिए कोई ठोस कदम उठाएगी या उन्हें खुद ही अपने हाल पर छोड़ देगी।
अंत में कश्यप ने कहा कि भाजपा गरीबों, किसानों, मजदूरों और युवाओं की आवाज सड़क से सदन तक मजबूत तरीके से उठाएगी और कांग्रेस सरकार की वास्तविक सच्चाई जनता तक पहुंचाएगी।