सुन्नी-लुहरी रोड बदहाल, भाजपा का सरकार पर हमला

rakesh nandan

08/01/2026

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सह-संयोजक प्यार सिंह कँवर ने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में सुन्नी-लुहरी रोड की बदहाल स्थिति को लेकर प्रदेश सरकार और लोक निर्माण मंत्री पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस विधानसभा क्षेत्र से स्वयं लोक निर्माण मंत्री विधायक हैं, उसी क्षेत्र की सड़कें पिछले एक माह से पूरी तरह जर्जर पड़ी हैं और आम जनता भारी परेशानियों का सामना कर रही है।

प्यार सिंह कँवर ने कहा कि शिमला के निकट स्थित सुन्नी-लुहरी रोड की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह धंस चुकी है, जिससे वाहनों की क्रॉसिंग तो दूर, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों को रोज़ाना दुर्घटनाओं के खतरे के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि एक माह पूर्व सरकार और लोक निर्माण विभाग द्वारा यह दावा किया गया था कि चार–पांच दिनों के भीतर सड़क को दुरुस्त कर दिया जाएगा, लेकिन एक महीना बीत जाने के बावजूद ज़मीनी स्तर पर कोई कार्य होता नजर नहीं आ रहा है। यह स्थिति सरकार की कार्यशैली और संवेदनहीनता को उजागर करती है।

कँवर ने तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति “चिराग तले अंधेरा” की कहावत को चरितार्थ करती है। जो मंत्री अपने ही विधानसभा क्षेत्र की सड़कें बहाल नहीं करवा पा रहे हैं, उन्हें पूरे प्रदेश के विकास पर बड़ी-बड़ी बातें करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार केवल घोषणाओं, आयोजनों और भाषणों तक सीमित रह गई है, जबकि ज़मीनी हकीकत आम जनता के लिए भयावह बन चुकी है। शिमला ग्रामीण की जनता यह सवाल कर रही है कि जब मंत्री अपने क्षेत्र में बुनियादी सड़क सुविधा तक उपलब्ध नहीं करवा पा रहे हैं, तो प्रदेश की जिम्मेदारी कैसे संभालेंगे।

भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक ने मांग की कि सुन्नी-लुहरी रोड को तत्काल युद्धस्तर पर बहाल किया जाए, वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और जनता को शीघ्र राहत दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अब भी इस गंभीर समस्या की अनदेखी की, तो भारतीय जनता पार्टी इस जनविरोधी लापरवाही के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी।