हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भेंट की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान हिमाचल प्रदेश से जुड़ी विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं से संबंधित मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने तथा प्रदेश के समग्र विकास में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। विशेष रूप से उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से केंद्रीय मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास से जुड़ी परियोजनाओं, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार से सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, प्रभावी और मजबूत बनाया जा सकेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को स्वास्थ्य एवं अन्य विकासात्मक परियोजनाओं में हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के सहयोग से हिमाचल में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी जाएगी।
