सुख-आश्रय योजना: ऊना में 10 लाभार्थियों को एफडी सहायता

rakesh nandan

30/01/2026

उपायुक्त जतिन लाल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत जिला ऊना के 10 पात्र लाभार्थियों को विवाह हेतु प्रदान की जाने वाली सहायता राशि की शेष 60-60 हजार रुपये की किस्त फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के रूप में वितरित की। उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत प्रत्येक पात्र अनाथ बच्चे को विवाह के लिए कुल 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसमें से 1 लाख 40 हजार रुपये की राशि विवाह के समय पहले ही प्रदान की जा चुकी थी, जबकि शेष 60 हजार रुपये अब लाभार्थियों के नाम फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में जारी की गई है, ताकि उन्हें भविष्य में आर्थिक सुरक्षा का मजबूत संबल मिल सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अनाथ बच्चों के सर्वांगीण कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुख-आश्रय योजना के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, विवाह और आर्थिक सुरक्षा जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे प्रदेशभर के हजारों निराश्रित बच्चों को सम्मानजनक जीवन की दिशा मिल रही है।

उपायुक्त ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य अनाथ बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के अंतर्गत शिक्षा, विवाह, व्यावसायिक प्रशिक्षण, गृह निर्माण और स्वयं का स्टार्टअप आरंभ करने के लिए भी आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिला ऊना में बीते दो वर्षों के दौरान मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के विभिन्न प्रावधानों के तहत लगभग पौने चार करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है, जिससे सैकड़ों बच्चों को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का अवसर प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना नरेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।